राजस्थान निकाय चुनाव में भाजपा के पक्ष में चल रही लहरः अर्जुनराम मेघवाल

बीकानेर, 6 सितंबर . केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने राजस्थान निकाय चुनावों की रणनीति तय करने के लिए भाजपा की बैठक की अध्यक्षता की. बैठक के बाद मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कांग्रेस के अंदरूनी मतभेदों और निकाय चुनाव के लिए घोषणापत्र जारी करने में देरी को लेकर पार्टी पर निशाना साधा.

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने घोषणा पत्र भी समय से जारी कर पाई है. कांग्रेस के अंदर मतभेद शनिवार को पार्टी के प्रेस कांफ्रेंस में दिखी. उन्होंने कहा कि निकाय चुनाव में भाजपा के पक्ष में लहर चल रही है. भाजपा संगठन आधारित पार्टी है. हमारे संगठन की बैठक शनिवार देर रात तक चली. बाहर से आए वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के सुझावों को बैठक में सुना. इसके अलावा रविवार की सुबह वीडियो कांफ्रेसिंग के जरिए उम्मीदवारों के साथ बातचीत की. मुख्यमंत्री के रोड शो को सफल बनाने के लिए आग्रह किया गया.

अर्जुन राम मेघावल ने एक्स पर पोस्ट में कहा, “चुनाव आयोग स्वतंत्र है और निष्पक्ष चुनाव कराना उसका संवैधानिक दायित्व है. राहुल गांधी और कांग्रेस के नेता बिना तथ्य के आरोप लगाकर अपनी जिम्मेदारी से भागते हैं. यही अब उनकी राजनीति की पहचान बनती जा रही है.”

वहीं, निकाय चुनावों के लिए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अजमेर और उदयपुर में भाजपा उम्मीदवारों के समर्थन में रोड शो किया. सीएम भजनलाल ने एक्स पर पोस्ट में कहा, “अजमेर में आयोजित रोड शो में उमड़ी अपार भीड़ ने यह स्पष्ट कर दिया है कि जनता का विश्वास केवल और केवल भारतीय जनता पार्टी की विकासोन्मुखी नीतियों के साथ है. सड़क से लेकर छतों तक, हर ओर मातृशक्ति, कर्मठ युवाओं और बुजुर्गों का जो उत्साह देखने को मिला, वह ‘सुशासन और निरंतर प्रगति’ के हमारे संकल्प को नई ऊर्जा देता है. वीर-वीरांगनाओं की इस पावन भूमि ने तय कर लिया है कि बुनियादी ढांचे के सुदृढ़ीकरण, आधुनिक नागरिक सुविधाओं और पारदर्शी व्यवस्था के लिए कमल ही पहली पसंद है. अजमेर की देवतुल्य जनता-जनार्दन का इस अभूतपूर्व प्रेम, अपनत्व और समर्थन के लिए अंतःकरण से कोटि-कोटि आभार! आपका यह स्नेह ही राजस्थान के सर्वांगीण विकास के लिए हमारी सबसे बड़ी प्रेरणा है.

मुख्यमंत्री ने अपने एक अन्य पोस्ट में कहा, “उदयपुर में रोड शो के दौरान भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान का आग्रह किया. सड़कों पर उमड़ा जनसैलाब बता रहा है कि उदयपुर की जनता विकास और सुशासन के साथ आगे बढ़ने के संकल्प पर अडिग है.”

ओपी/पीएम