
नई दिल्ली, 10 नवंबर . ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान माइकल क्लार्क ने 2018 के बदनाम सैंडपेपर स्कैंडल पर उस्मान ख्वाजा के चौंकाने वाले खुलासे पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि ऑस्ट्रेलियाई फैंस इस कहानी से आगे नहीं बढ़े हैं और जब तक जांच दोबारा नहीं खुलती, असलियत पर भरोसा नहीं कर सकते.
ख्वाजा ने अपनी नई किताब, सब्र में, 2018 केपटाउन टेस्ट के दौरान सैंडपेपरगेट की घटनाओं का विस्तार में जिक्र करते हुए दावा किया है कि घटना के बारे में पूरी टीम को पता था.
क्लार्क ने एक कार्यक्रम के दौरान कहा, “हम आगे नहीं बढ़े हैं. ऑस्ट्रेलियाई फैन आगे नहीं बढ़े हैं. वे सच पर भरोसा नहीं कर सकते. उन्हें सच नहीं पता – जब तक यह (जांच) दोबारा नहीं खुलती और सच सामने नहीं आता.”
उन्होंने कहा, “हमारे पास 2018 में मौका था. सच सामने नहीं आया. हमारे पास 2021 में मौका था जब कैमरन बैनक्रॉफ्ट ने कुछ कमेंट्स किए थे. सच सामने नहीं आया. अब हमारे पास यह मौका है. मैं बस यह देखना चाहता हूं कि जो भी सच है, वह सब सामने आए, लोगों को आखिरकार सच बोलने का मौका मिले, और वे आगे बढ़ें.”
2021 में एक इंटरव्यू में, कैमरन बैनक्रॉफ्ट, जो अपनी पैंट में सैंडपेपर छिपाते हुए दिखे थे, उनसे पूछा गया कि क्या फ्रंट-लाइन बॉलर पैट कमिंस, मिशेल स्टार्क, जोश हेजलवुड और नाथन लियोन को इस साजिश के बारे में पता था. इस पर उनका जवाब था कि यह खुद ही समझ में आता है.
इसके जवाब में कमिंस, स्टार्क, हेजलवुड और लियोन ने एक संयुक्त बयान जारी किया जिसमें उन्होंने जोर देकर कहा कि उन्हें “विदेशी चीज” के गैर-कानूनी इस्तेमाल के बारे में नहीं पता था.
क्लार्क ने आगे कहा, “मेरे लिए, अभी, जवाबों से ज्यादा सवाल हैं. मैं जानना चाहता हूं, सबसे पहले, क्या सबको पता था? क्योंकि कुछ खिलाड़ियों ने सामने आकर कहा है कि उन्हें नहीं पता था. मैं जानना चाहता हूं, क्या उन्हें पता था या नहीं? यह जरूरी जानकारी है ताकि हम सच जान सकें. क्या यह पहले गेम में हुआ था? मैं यह भी सुन रहा हूं कि यह सिर्फ केप टाउन में नहीं हुआ था.”
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के चीफ एग्जीक्यूटिव टॉड ग्रीनबर्ग ने मंगलवार सुबह रेडियो स्टेशन सेन पर कहा कि जांच दोबारा नहीं शुरू जाएगी, क्योंकि गवर्निंग बॉडी 2018 की जांच के नतीजे से खुश है.
2018 में केपटाउन में दक्षिण अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के बीच हुए टेस्ट में बॉल-टैम्परिंग स्कैंडल हुआ था. इस मैच में ऑस्ट्रेलिया के कप्तान स्टीव स्मिथ थे, जबकि उपकप्तान डेविड वॉर्नर थे. इन दोनों के अलावा, बल्लेबाज बैनक्रॉफ्ट का नाम भी इस विवाद में था. खिलाड़ियों पर बॉल की कंडीशन बदलने के लिए सैंडपेपर के इस्तेमाल का आरोप लगा था. विवाद के बाद वॉर्नर, स्टीव स्मिथ और बैनक्रॉफ्ट को लंबे समय तक सस्पेंड किया गया था. सीए ने लंबी जांच प्रक्रिया के बाद इस विवाद को अपनी तरफ से समाप्त कर दिया था.
घटना के 8 साल बाद उस मैच का हिस्सा रहे पूर्व ऑस्ट्रेलियाई सलामी बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा ने ‘सब्र’ नाम से एक किताब प्रकाशित की है. इस किताब में उन्होंने बताया है कि गेंद से छेड़छाड़ किए जाने की जानकारी पूरी टीम को थी. ख्वाजा के इस दावे ने ठंढ़े पड़ चुके इस मामले को फिर से चर्चा में ला दिया है. डेविड वॉर्नर द्वारा ख्वाजा को मिले समर्थन ने आग में घी डालने का काम किया है.
–
पीएके