
चंडीगढ़, 15 जून . पंजाब कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने पत्रकारों के उन सवालों को सिरे से खारिज कर दिया, जिसमें कहा गया था कि अन्य राजनीतिक दलों की ओर से अपनी स्थिति को मजबूत करने के मकसद से विभिन्न प्रकार की गतिविधियों की शुरुआत की जा रही है. उन्होंने यह भी दावा किया कि हम 2027 में राज्य में सरकार बनाकर रहेंगे.
पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष ने सोमवार को पत्रकारों से बातचीत में कहा कि मैं आप लोगों की इन बातों से बिल्कुल भी इत्तेफाक नहीं रखता हूं. सच्चाई यह है कि कांग्रेस पार्टी ने खुद को धरातल पर मजबूत करने का काम किया है, जिसके नतीजे आगामी दिनों में देखने को मिलेंगे. अगर भाजपा की बात करें, तो मैं नहीं मानता कि पार्टी ने खुद को मजबूत करने के लिए अब तक कोई ठोस कदम उठाया है. ऐसे में इन चर्चाओं का कोई मतलब नहीं बनता है.
उनके मुताबिक, 10 दिन पहले हुए नगर निगम के चुनाव में भाजपा की स्थिति काफी दयनीय रही. इसके विपरीत कांग्रेस का प्रदर्शन अच्छा रहा. वजह यह थी कि कांग्रेस ने खुद को जमीनी स्तर पर मजबूत करने का काम किया है. कांग्रेस ने अपनी विसंगतियों को चिन्हित कर उसे दूर किया है. इसी कारण से आज स्थिति पूरी तरह से हमारे अनुकूल बनी हुई है.
उन्होंने कहा कि आप अकाली दल के बारे में बात कर लीजिए. इस पार्टी ने एक या दो नहीं, बल्कि 40 रैलियां कीं. इसके बावजूद भी नगर निगम चुनाव में स्थिति कैसी रही, यह बात किसी से छुपी नहीं है, जबकि रैलियों के दौरान यह पार्टी दावा करते नहीं थक रही थी कि हम बेहतर प्रदर्शन करेंगे. कुछ ऐसी ही स्थिति भाजपा की भी रही. भाजपा ने भी कोई खास अच्छा प्रदर्शन नहीं किया. ऐसी स्थिति में इन दोनों ही पार्टियों को लेकर किसी भी प्रकार का वादा या दावा करना किसी भी प्रकार से सही नहीं रहेगा.
उन्होंने कहा कि आप पिछले 20 सालों में कांग्रेस, अकाली दल और भाजपा के प्रदर्शन की तुलना कर लीजिए. आपको अंतर पता चल जाएगा. आपके सामने पूरी तस्वीर साफ हो जाएगी कि मौजूदा समय में किस पार्टी की स्थिति कैसी है. अगर आप इन तीनों पार्टियों की तुलना करते हैं, तो आपको कांग्रेस का ग्राफ सबसे ऊंचा नजर आता है. गुरदासपुर और दीनानगर में कांग्रेस का प्रदर्शन शानदार रहा. हम हर मुद्दे पर लड़ रहे हैं. साथ ही, हम लोग हर हाल में आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव में सरकार बनाकर रहेंगे. ऐसा करने से हमें कोई नहीं रोक सकता है.
–
एसएचके/एबीएम