
नई दिल्ली, 15 सितंबर . भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय चुनाव समिति ने पश्चिम बंगाल में होने वाले विधानसभा उप-चुनाव 2026 के लिए उम्मीदवारों को घोषणा कर दी है. भाजपा ने दो सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा की है.
मुर्शिदाबाद जिले की रेजीनगर विधानसभा सीट से शाखारव सरकार और पुरबा मेदिनीपुर जिले की नंदीग्राम विधानसभा से हासिरानी रथ को उम्मीदवार बनाया है. पश्चिम बंगाल में रेजीनगर और नंदीग्राम विधानसभा सीटों पर 6 अक्टूबर को उपचुनाव होंगे. 9 अक्टूबर को मतगणना के बाद नतीजे घोषित किए जाएंगे. उम्मीदवार 16 सितंबर तक नामांकन दाखिल कर सकेंगे. 17 सितंबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी, 19 सितंबर तक उम्मीदवार अपनी उम्मीदवारी वापस ले सकेंगे.
इन सीटों पर जीतने वाले हुमायूं कबीर और मौजूदा मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने अपनी-अपनी सीटों से इस्तीफा दे दिया था. दोनों नेताओं ने दो-दो सीटों पर चुनाव लड़ा और जीता था.
हुमायूं कबीर ने रेजीनगर से इस्तीफा देकर नौदा सीट अपने पास रखने का फैसला किया. वहीं, मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने भवानीपुर का प्रतिनिधित्व करने का विकल्प चुना. भवानीपुर में उन्होंने अपनी पूर्ववर्ती और कभी उनकी मेंटर रहीं ममता बनर्जी को 15,000 से ज्यादा वोटों से हराया था. वहीं, नंदीग्राम विधानसभा सीट पर अधिकारी ने तृणमूल कांग्रेस के पवित्र कर को 10,000 वोटों से हराया था.
हुमायूं कबीर ने ममता बनर्जी को रेजीनगर से चुनाव लड़ने का ‘न्योता’ दिया था और दावा किया था कि वह इस सीट से उनकी जीत पक्की कर सकते हैं. वहीं, रिताब्रता के नेतृत्व वाले गुट के नेताओं ने जोर देकर कहा कि अगर ममता खुद चुनाव लड़ती हैं तो वे नंदीग्राम में कोई उम्मीदवार नहीं उतारेंगे.
अपनी ‘आम जनता उन्नयन पार्टी’ (एजेयूपी) का प्रतिनिधित्व करते हुए कबीर ने रेजीनगर सीट 58,000 से ज्यादा वोटों के अंतर से जीती और कुल वोटों का 51.62 प्रतिशत हासिल किया.
इसके पहले अल्पसंख्यक बहुल मुर्शिदाबाद जिले की रेजीनगर विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए आम जनता उन्नयन पार्टी (एजेयूपी) विधायक हुमायूं कबीर के बेटे गुलाम नबी आजाद ने बुधवार को एजेयूपी उम्मीदवार के तौर पर नामांकन दाखिल किया था.
–
ओपी/पीएम