
कोलकाता, 29 अप्रैल . पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दो चरणों का मतदान पूरा हो गया, जिसके बाद बुधवार शाम को एग्जिट पोल्स जारी कर दिए गए.
पश्चिम बंगाल की 294 सीटों वाली विधानसभा में बहुमत के लिए 148 सीटों की जरूरत है, लेकिन अलग-अलग एजेंसियों के सर्वे में तस्वीर पूरी तरह बंटी हुई नजर आ रही है. कुछ एग्जिट पोल मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की अगुवाई वाली तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की सत्ता में वापसी दिखा रहे हैं, तो कुछ सर्वे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को पहली बार बंगाल में सरकार बनाते हुए बता रहे हैं.
चाणक्य स्ट्रेटजी के एग्जिट पोल में तृणमूल कांग्रेस को 130 से 140 सीटें मिलने का अनुमान है, जबकि भाजपा को 150 से 160 सीटें मिलती दिख रही हैं. अन्य दलों के खाते में 6 से 10 सीटें जा सकती हैं.
पीपल्स पल्स के सर्वे में टीएमसी को 117 से 187 सीटें मिलने का अनुमान जताया गया है. भाजपा को 95 से 110 सीटें मिल सकती हैं, जबकि अन्य को 1 से 4 सीटें मिलने की संभावना है.
मैट्रिज के एग्जिट पोल में टीएमसी को 125 से 140 सीटें मिलने का अनुमान है, जबकि भाजपा 146 से 161 सीटों के साथ बढ़त में दिखाई गई है. अन्य दलों को 6 से 10 सीटें मिल सकती हैं.
पी-मार्क के सर्वे में तृणमूल कांग्रेस को 118 से 138 सीटें मिलने का अनुमान है, जबकि भाजपा को 150 से 175 सीटें मिल सकती हैं. अन्य दलों को 2 से 6 सीटें मिलने का अनुमान जताया गया है.
एबीपी न्यूज-सी वोटर के एग्जिट पोल में भी टीएमसी को 118 से 138 सीटें मिलने का अनुमान है, जबकि भाजपा को 150 से 175 सीटें मिलती दिख रही हैं. अन्य के खाते में 2 से 6 सीटें जा सकती हैं.
पोल डायरी के अनुमान के मुताबिक, पश्चिम बंगाल में टीएमसी को 99 से 127 सीटें, भाजपा को 142 से 171 सीटें, कांग्रेस को तीन से पांच, लेफ्ट गठबंधन को दो से तीन और अन्य के खाते में एक सीटें जाने का अनुमान है.
प्रजा पोल के सर्वे के अनुसार, टीएम को 85 से 110 सीटें, भाजपा को 178 से 208 सीटें और अन्य को 0 से पांच सीटें मिलने की संभावना जताई गई है.
बता दें कि ये सिर्फ एग्जिट पोल है, न कि आधिकारिक चुनाव परिणाम. इसलिए, मतगणना के दिन ये आंकड़े बदल भी सकते हैं. पश्चिम बंगाल चुनाव के नतीजे 4 मई को घोषित होंगे. यहां दो चरणों में- पहला चरण 23 अप्रैल और दूसरा चरण 29 अप्रैल, को चुनाव संपन्न हुए. यहां पहले चरण में 93.19 प्रतिशत मतदान हुआ था, वहीं, दूसरे चरण में 89.99 प्रतिशत वोटिंग हुई.
कुल मिलाकर अधिकतर एग्जिट पोल्स में भाजपा को बढ़त मिलती नजर आ रही है, जबकि कुछ सर्वे टीएमसी को भी मजबूत स्थिति में दिखा रहे हैं. अब सभी की नजर मतगणना के दिन आने वाले वास्तविक नतीजों पर टिकी है.
–
डीएससी