
मुंबई , 30 सितंबर . हिंदी सिनेमा के बड़े अभिनेता रहे शम्मी कपूर की पत्नी नीला देवी ने अपनी जिंदगी से जुड़ा एक ऐसा किस्सा साझा किया है, जिसे वह आज भी अपने जन्मदिन के साथ याद करती हैं. यह बात साल 1968 की है, जब नीला और शम्मी कपूर की शादी नहीं हुई थी. उस वक्त नीला शम्मी कपूर की बहुत बड़ी फैन थीं और उनके जन्मदिन पर उनकी सबसे खास इच्छा थी कि शम्मी कपूर उनकी पार्टी में आएं. परिवार ने उनकी यह इच्छा पूरी करने के लिए शम्मी को बुलाया, लेकिन वह उस दिन पार्टी में नहीं पहुंच सके.
दरअसल, नीला देवी ने यह किस्सा अपने भतीजे और अभिनेता जतिन सियाल के साथ बातचीत में सुनाया. जतिन सियाल, दिग्गज अभिनेता पृथ्वीराज कपूर के पोते हैं. बातचीत के दौरान जब जतिन ने नीला से पूछा कि क्या उन्हें अपना कोई खास जन्मदिन याद है, तो उन्होंने 1968 के उस जन्मदिन का जिक्र किया, जब शम्मी कपूर उनकी पार्टी में नहीं आ पाए थे.
नीला ने कहा, ”मैं बचपन से शम्मी कपूर को बहुत पसंद करती थीं, लेकिन उनसे कभी मुलाकात तक नहीं हुई थी. आपको हैरानी होगी, एक ऐसा जन्मदिन था जब वह आए ही नहीं. यही सबसे खास बात है. दरअसल, मैं उन्हें इसके लिए ज्यादा दोष भी नहीं दे सकती. मेरा जन्मदिन था और मेरे भाई ने मेरे लिए एक पार्टी रखी थी. उन्होंने मुझसे पूछा कि तुम किसे बुलाना चाहती हो, क्या कोई खास है? मैंने कहा- हां, शम्मी कपूर.”
नीला ने कहा, ”यह बात 1968 की है. उस समय मेरी शम्मी कपूर से शादी नहीं हुई थी. मैं सिर्फ उनकी फैन थीं. मेरे भाई ने जब शम्मी को फोन किया, तो उन्होंने कहा- ‘मैं अभी कलकत्ता से आया हूं. मैं फिल्म ‘ब्रह्मचारी’ के प्रीमियर के लिए गया था और वापस आने के बाद मैं बीमार पड़ गया हूं, इसलिए मैं पार्टी में नहीं आ सकता.”
नीला के कहा, ”शम्मी कपूर ने मेरे भाई से यह भी कहा कि मैं इस बात की भरपाई करूंगा, क्योंकि वह मेरी फैन हैं और उसके लिए जो कुछ कर सकता हूं, जरूर करूंगा. इसके बाद शम्मी कपूर को जिंदगी भर उस जन्मदिन पर नहीं आने की भरपाई करनी पड़ी.”
बता दें कि उस जन्मदिन के महज कुछ महीनों बाद ही नीला देवी और शम्मी कपूर की शादी हो गई थी. दोनों ने 27 जनवरी 1969 को मुंबई स्थित शम्मी कपूर के घर पर परिवार और करीबी दोस्तों की मौजूदगी में शादी की थी.
नीला देवी से शादी से पहले शम्मी कपूर ने अभिनेत्री गीता बाली से शादी की थी. दोनों की मुलाकात फिल्म के सेट पर हुई थी और प्यार के बाद उन्होंने साल 1955 में शादी कर ली थी. उनके दो बच्चे हुए, आदित्य राज कपूर और कंचन. जनवरी 1965 में गीता बाली का चेचक की वजह से 34 साल की उम्र में निधन हो गया.
गीता बाली के निधन का शम्मी कपूर पर गहरा असर पड़ा. उस समय वह फिल्म ‘तीसरी मंजिल’ की शूटिंग कर रहे थे. रिपोर्ट्स के मुताबिक, गीता की मौत के बाद शम्मी ने कुछ समय के लिए शूटिंग से दूरी बना ली थी. बाद में जब उन्होंने काम पर वापसी की तो फिल्म के लिए उन्होंने सबसे पहले ‘तुमने मुझे देखा’ गाना शूट किया. इस गाने में उनके चेहरे पर दिख रहा दर्द भी दर्शकों के लिए बेहद यादगार बन गया.
शम्मी कपूर का 14 अगस्त 2011 को 79 साल की उम्र में निधन हो गया था. वह लंबे समय से किडनी की बीमारी से जूझ रहे थे.
–
पीके/एएस