
पटना, 27 जून . जेडीयू के विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) नीरज कुमार ने राम मंदिर चढ़ावा मामले में विशेष जांच दल (एसआईटी) की कार्रवाई का स्वागत करते हुए कहा कि भगवान श्रीराम के नाम पर लोगों ने श्रद्धापूर्वक दान दिया था और यदि उस दान की राशि की चोरी या हेराफेरी हुई है तो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होना स्वाभाविक है.
एमएलसी नीरज कुमार ने समाचार एजेंसी से बात करते हुए कहा, “एसआईटी की 20 पन्नों की रिपोर्ट के आधार पर आठ आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है तथा लगभग 80 लाख रुपए की बरामदगी भी की गई है. मामले की सुनवाई जल्द पूरी होगी और दोषियों को कानून के अनुसार सजा मिलेगी. जब आरोपी जेल में सजा काटेंगे तो उन्हें भगवान श्रीराम की याद जरूर आएगी.”
नीरज कुमार ने कहा कि यदि कोई अपराध करता है तो उसे जेल जाना ही होगा. श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीराम के नाम पर आर्थिक सहयोग और सेवा भाव से योगदान दिया है. ऐसे पवित्र उद्देश्य के लिए जुटाई गई धनराशि का दुरुपयोग किसी भी परिस्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता और कानून अपना काम करेगा.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सेशेल्स यात्रा पर प्रतिक्रिया देते हुए जदयू एमएलसी ने कहा कि किसी देश के प्रधानमंत्री का दूसरे देश के राष्ट्राध्यक्ष के निमंत्रण पर मुख्य अतिथि के रूप में जाना भारत के लिए सम्मान और गर्व का विषय है. अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत की बढ़ती प्रतिष्ठा का यह एक महत्वपूर्ण उदाहरण है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जहां भी जाते हैं, वहां भारत के हित के बारे में ही बात करते हैं, इसीलिए सबको खुश रहना चाहिए.
पश्चिम एशिया में जारी संकट पर नीरज कुमार ने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि भारत अभी पेट्रोलियम के मामले में पूरी तरह आत्मनिर्भर नहीं है, लेकिन केंद्र सरकार की प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना है कि आम जनता को किसी प्रकार की परेशानी न हो.
उन्होंने कहा कि वैश्विक अर्थव्यवस्था कठिन दौर से गुजर रही है, इसके बावजूद भारत अपनी आर्थिक मजबूती बनाए रखते हुए नागरिकों के हितों की रक्षा कर रहा है. इसके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सराहना करते हुए कहा कि वे बधाई के पात्र हैं.
–
एसएके/वीसी