मध्य प्रदेश के बच्चों की सुरक्षा पर जारी हो श्वेत पत्र: जीतू पटवारी

भोपाल, 6 अगस्त . कांग्रेस की मध्य प्रदेश इकाई के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मुख्यमंत्री मोहन यादव को पत्र लिखकर राज्य में बच्चों के अपहरण और गुमशुदगी के बढ़ते मामलों पर चिंता जताई है. साथ ही श्वेत पत्र जारी करने की मांग की है.

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मुख्यमंत्री मोहन यादव को लिखे पत्र में कहा कि बच्चों की सुरक्षा किसी भी राज्य की कानून-व्यवस्था का सबसे संवेदनशील पैमाना होती है, लेकिन मध्य प्रदेश में हालात लगातार चिंताजनक होते जा रहे हैं. उन्होंने सरकार से इस गंभीर विषय पर राज्य स्तरीय श्वेत पत्र जारी करने तथा बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ठोस और समयबद्ध कदम उठाने की मांग की.

उन्होंने कहा कि प्रत्येक जिले में बाल अपहरण मामलों की मासिक सार्वजनिक समीक्षा अनिवार्य की जाए. लंबित मामलों के लिए विशेष जांच अभियान चलाकर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए. महिला एवं बाल विकास विभाग, पुलिस, रेलवे पुलिस तथा बाल संरक्षण संस्थाओं के बीच समन्वित तंत्र विकसित किया जाए.

उन्होंने कहा कि राज्य में मानव तस्करी और संगठित गिरोहों से जुड़े मामलों की जांच के लिए विशेष संयुक्त टास्क फोर्स का गठन किया जाए. पिछले पांच वर्षों में इस विषय पर सरकार द्वारा किए गए प्रयासों और उनकी प्रगति का सार्वजनिक विवरण जारी किया जाए.

पटवारी ने राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो 2024 के आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि वर्ष 2024 में मध्यप्रदेश में बच्चों के अपहरण के 11,594 मामले दर्ज हुए, जो महाराष्ट्र के बाद देश में दूसरे सबसे अधिक हैं. वर्ष 2020 के 7,058 मामलों की तुलना में यह लगभग 64 प्रतिशत की वृद्धि है.

उन्होंने बताया कि वर्ष 2024 में देशभर में बच्चों के अपहरण के 75,108 मामलों में से 15 प्रतिशत से अधिक मामले अकेले मध्य प्रदेश के हैं. इसके अतिरिक्त प्रदेश में 19,131 बच्चों के लापता होने के मामले दर्ज हुए, जिनमें 15,282 लड़कियां और 4,886 लड़के शामिल हैं.

एसएनपी/डीकेपी