विंबलडन: गिरोन को शिकस्त देकर ज्वेरेव चौथे राउंड में पहुंचे, पहली बार क्वार्टर-फाइनल में जगह बनाने पर नजर

लंदन, 4 जुलाई . विंबलडन 2026 में शनिवार को दूसरे सीड अलेक्जेंडर ज्वेरेव ने अमेरिकी खिलाड़ी मार्कोस गिरोन के खिलाफ 6-2, 7-6(4), 6-4 से जीत दर्ज की. इसी के साथ ज्वेरेव ने अपने करियर में चौथी बार ऑल इंग्लैंड क्लब में चौथे राउंड में जगह बनाई.

फ्रेंच ओपन में अपना पहला ग्रैंड स्लैम खिताब जीतने के बाद, जर्मन खिलाड़ी पूरे आत्मविश्वास के साथ विंबलडन पहुंचे, हालांकि उन्होंने माना कि ग्रास (घास) उनका सबसे कम पसंदीदा सरफेस है. वह एसडब्ल्यू19 में कभी भी चौथे राउंड से आगे नहीं बढ़ पाए, लेकिन उनके हालिया प्रदर्शन से संकेत मिला कि शायद वह अब आगे बढ़ने के लिए तैयार हैं.

ज्वेरेव ने मजबूत सर्विस के साथ पहला सेट अपने नाम किया, जबकि दूसरे सेट में गिरोन ने अपना खेल बेहतर किया. अमेरिकी खिलाड़ी को किसी भी ब्रेक प्वाइंट का सामना नहीं करना पड़ा और उन्होंने टाई-ब्रेक की स्थिति बना दी. ज्वेरेव शांत रहे, उन्होंने मिले दो ब्रेक प्वाइंट बचाए और टाई-ब्रेक में अच्छा प्रदर्शन करते हुए जीत से बस एक सेट दूर रह गए.

जर्मन खिलाड़ी ने तीसरे सेट की शुरुआत में ही ब्रेक किया और दूसरा गेम जीत लिया. हालांकि, गिरोन ने 4-2 पर वापसी करते हुए ब्रेक किया, लेकिन ज्वेरेव ने तुरंत बढ़त हासिल की और मुकाबला 2 घंटे 34 मिनट में अपने नाम किया.

29 वर्षीय ज्वेरेव ने अपनी सर्विस के दम पर एक और शानदार प्रदर्शन किया. उन्होंने मुकाबले में 17 ऐस लगाए और पहली सर्विस पर खेले गए 70 में से 54 अंक (77 प्रतिशत) अपने नाम किए. हालांकि, अमेरिकी खिलाड़ी गिरोन ने लगातार दबाव बनाए रखा, लेकिन ज्वेरेव ने उनके खिलाफ अपना अजेय रिकॉर्ड बरकरार रखा. उन्होंने गिरोन के खिलाफ सभी पांच मुकाबले जीते हैं और दोनों के बीच खेले गए 14 सेटों में से 13 अपने नाम किए हैं.

इस जीत ने ज्वेरेव को जर्मनी के बेहतरीन खिलाड़ियों की सूची में भी शामिल कर दिया है, जो ओपन एरा में विंबलडन के ‘राउंड ऑफ 16’ में कम से कम चार बार पहुंचने वाले जर्मनी के तीसरे पुरुष खिलाड़ी बन गए. वह तीन बार के चैंपियन बोरिस बेकर (जिन्होंने 12 बार ऐसा किया) और 1991 के चैंपियन माइकल स्टिच (5 पांच बार अंतिम 16 में पहुंचे) की बराबरी कर रहे हैं.

आरएसजी