
सिडनी, 20 सितंबर . न्यू साउथ वेल्स में एक जाने-माने टूरिस्ट स्पॉट के पास रविवार को एक महिला और तीन बच्चे खून से लथपथ मिले. इनमें से एक बच्चे की मौत हो गई, वहीं दो बच्चों और महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है. पुलिस के मुताबिक इनको चाकू से गोदा गया था.
मामला ब्लू माउंटेन्स का है. एनएसडब्ल्यू पुलिस के अनुसार, रविवार को दोपहर 12:45 बजे सूचना मिलने के बाद, इमरजेंसी सर्विस को स्प्रिंगवुड के पास वैली हाइट्स में वाराताह रोड पर एक कार के अंदर तीन बच्चे और एक महिला लहूलुहान मिले. बच्चों में से एक की पहले ही मौत हो चुकी थी.
माना जा रहा है कि सभी बच्चे पांच साल से कम उम्र के हैं और महिला 40 साल से ऊपर की है. पुलिस के अनुसार, छोटे बच्चों का इलाज वेस्टमीड चिल्ड्रन्स हॉस्पिटल में किया जा रहा है और महिला का इलाज वेस्टमीड हॉस्पिटल में हो रहा है. हत्या की वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है.
पुलिस को राहगीरों ने ‘ट्रिपल जीरो’ पर कॉल किया और एम्बुलेंस आने तक उन लोगों ने ही बच्चों और महिला को प्राथमिक उपचार दिया गया. घटनास्थल की घेराबंदी कर दी गई. एनएसडब्ल्यू पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अगर किसी के पास घटना से संबंधित कोई भी जानकारी है तो उसे साझा करें. पुलिस ने ये भी कहा है कि क्राइम सीन के वक्त मौजूद अगर किसी भी शख्स के पास डैशकैम या फोन फुटेज है, तो वे स्प्रिंगवुड पुलिस स्टेशन से संपर्क कर सकते हैं.
न्यू साउथ वेल्स में बीते 24 घंटों में घटी ये ऐसी चौथी मौत है जिसने पुलिस की परेशानी बढ़ा दी है. पुलिस घरेलू हिंसा से जुड़ी हत्या के तीन अलग-अलग मामलों की जांच में जुटी है. ये घटनाएं कुछ ही घंटों के अंतराल पर हुईं और इनमें 90 साल की एक महिला, 70 साल की एक मां और 23 साल की एक महिला की मौत हो गई थी.
–
केआर/