
रामगढ़, 6 सितंबर . झारखंड के रामगढ़ जिले की चुट्टूपालू घाटी में रविवार को एक भीषण सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई जबकि पांच अन्य लोग घायल हो गए. हादसे में घायल होने वालों में रामगढ़ मुख्यालय डीएसपी अकरम रजा के परिवार के सदस्य भी शामिल हैं. दुर्घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने हाइड्रा और क्रेन की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाया. पुलिस के अनुसार, रांची से रामगढ़ की ओर जा रहे एक कंटेनर (एनएल 01एबी 8418) का घाटी में अचानक ब्रेक फेल हो गया.
इसके बाद कंटेनर अनियंत्रित होकर आगे चल रही होंडा कार से जा टकराया. टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार कंटेनर के नीचे बुरी तरह दब गई. सूचना मिलते ही रामगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया. पुलिसकर्मियों ने हाइड्रा और क्रेन की मदद से कार को कंटेनर के नीचे से बाहर निकाला. कार सवार दो महिलाओं और चालक को तत्काल अस्पताल भेजा गया. वहीं, कार में बुरी तरह फंसी एक बच्ची को करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद सुरक्षित बाहर निकाला गया और अस्पताल पहुंचाया गया.
कार में डीएसपी अकरम रजा के परिवार के छह सदस्य सवार थे और सभी रांची से रामगढ़ आ रहे थे. हादसे में डीएसपी की मौसी सारा तबस्सुम (45) की मौके पर ही मौत हो गई. उनके मौसा फिरोज राही (48), बहन तरजा सलियां (23), सिफ्ता ताजमीन, अमीरा ताजमीन (10) और अनुजा तबस्सुम घायल हो गईं. हादसे की जानकारी मिलने के बाद डीएसपी अकरम रजा भी मौके पर पहुंचे. रामगढ़ के पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत और एसडीपीओ आलोक रंजन समेत अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी सदर अस्पताल पहुंचे और घायलों से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली.
चुट्टूपालू घाटी में लगातार हो रहे सड़क हादसों के कारण यह इलाका स्थानीय लोगों के बीच ‘मौत की घाटी’ के नाम से भी जाना जाने लगा है. तेज रफ्तार और भारी वाहनों के अनियंत्रित होने के कारण यहां लगातार दुर्घटनाएं होती रही हैं. ताजा हादसे के बाद एक बार फिर राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं.
–
एसएनसी/पीएम