जमशेदपुर में महिला की चाकू से गोदकर हत्या, सड़क पर मिला खून से लथपथ शव

जमशेदपुर, 2 नवंबर . झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले के मीरुडीह स्थित गोविंदपुर में रविवार देर रात 32 वर्षीय महिला की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई. मृतका की पहचान राधिका स्वयान के रूप में हुई है. वह रात करीब 10.30 बजे हाट से घर लौट रही थी. इसी दौरान रास्ते में हमलावरों ने उसे घेर लिया और चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए.

पुलिस को आशंका है कि महिला पर पत्थर से भी हमला किया गया था. घटना आरआईटी थाना क्षेत्र की है. हमले के दौरान राधिका ने शोर मचाया तो आसपास के लोगों को इसकी जानकारी हुई. कुछ ही देर में वह सड़क पर लहूलुहान हालत में गिर पड़ी. स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना उसकी सास बसंती सिंकू को दी. वह मौके पर पहुंचीं और लोगों की मदद से घायल राधिका को टेंपो से टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) ले गईं. हालांकि, अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, राधिका के पेट और गर्दन के आसपास चाकू के तीन से चार घाव मिले हैं. पुलिस को पत्थर से हमला किए जाने की भी सूचना मिली है. हालांकि, वारदात में कितने लोग शामिल थे और हमले को किसने अंजाम दिया, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है. राधिका के पति का पहले ही निधन हो चुका था.

पति की मौत के बाद परिवार की जिम्मेदारी उसी के कंधों पर थी. वह ठेका मजदूरी में रेजा का काम करती थी. इसके अलावा घर में हड़िया बेचकर भी परिवार की जरूरतें पूरी करती थी. उसकी हत्या से परिवार के सामने रोजी-रोटी का संकट भी खड़ा हो गया है. सूचना मिलने पर आरआईटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया.

पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है. साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि राधिका हाट से किसके साथ लौट रही थी और रास्ते में किसी से उसका विवाद हुआ था या नहीं. पुलिस हत्या के पीछे पुरानी रंजिश, आपसी विवाद या किसी अन्य कारण की आशंका को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. फिलहाल, हत्या की वजह और आरोपियों की पहचान नहीं हो सकी है.

–

एसएनसी/डीकेपी