बिहार : सीएम सम्राट चौधरी को राखी बांधने पहुंची महिलाएं, सभी ने की प्रदेश के विकास की कामना

पटना, 28 अगस्‍त . रक्षाबंधन के मौके पर बड़ी संख्या में महिलाएं बिहार के मुख्‍यमंत्री सम्राट चौधरी के आवास पर राखी बांधने पहुंचीं. उन्होंने महिला सशक्तिकरण के लिए उनके प्रयासों की सराहना की और उनके स्वस्थ व सफल जीवन की भी कामना की.

भाजपा नेता कीर्ति मिश्रा ने से बातचीत के दौरान कहा कि हम मुख्‍यमंत्री आवास में सीएम सम्राट चौधरी को राखी बांधने आए हैं. हम पूरी तैयारी के साथ आए हैं. मैं बहुत अच्‍छा महसूस कर रही हूं.

एक महिला ने खुशी जाहिर करते हुए से बातचीत के दौरान कहा कि सीएम सम्राट चौधरी माताओं और बहनों के कल्‍याण के लिए काम कर रहे हैं. इस रक्षाबंधन पर्व पर हम बहनें उनके अच्‍छे स्‍वास्‍थ्‍य और दीर्घायु जीवन की कामना करती हैं. उनके नेतृत्‍व में समस्‍त बहनों के कल्‍याण के लिए उनकी कलाई पर रेशम का पवित्र धागा बांधने आईं हैं.

महिला ने कहा कि सीएम सम्राट चौधरी ने बिहार महिला विश्‍वविद्यालय की घोषणा की है. इसके साथ ही उनके द्वारा पांच लाख बहनों को स्‍वावलंबी बनाने के लिए 600 करोड़ की राशि की आर्थिक सहायता दी जाएगी. जीविका बहनों को पीएम सूर्य घर योजना का लाभ मिलेगा. यह सीएम का अपनी बहनों के लिए बेहतर प्रयास है. सीएम को बहनों के सम्‍मान और उनकी सुरक्षा की चिंता हो रही है. ऐसे में हम बहनों का फर्ज बनता है कि अपने बड़े भाई के लिए रक्षा सूत्र बांधकर स्‍वस्‍थ और दीर्घायु होने की प्रभु से कामना करें.

भाजपा प्रवक्‍ता संगीता सिंह ने सीएम को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हम सब बहनें यहां अपने बड़े भाई की कलाई पर राखी बांधने के लिए आई हैं. उनकी महिलाओं को आत्‍मनिर्भर बनाने वाली योजनाओं पर हमें गर्व है. हमें उम्‍मीद है कि आने वाले समय में वह इसी तरह की कई योजनाएं लागू करेंगे. हमें गर्व है कि सम्राट चौधरी हमारे मुख्‍यमंत्री हैं.

वहीं, महिला आयोग की सदस्‍य सजल झा ने कहा कि यह हमारे लिए गौरव का क्षण है कि राज्‍य के मुख्‍यमंत्री भाजपा से हैं और एनडीए के नेता हैं. एनडीए की सभी बहनों को आमंत्रण मिला है. हम सभी उनको राखी बांधते रहे हैं. मुख्‍यमंत्री बनने के बाद अब एक प्रक्रिया के तहत हम आए हैं. सभी बहनें यह कामना करते हैं कि सीएम यशस्‍वी और दीर्घायु हों.

भाजपा नेता निवेदिता सिंह ने कहा कि आज रक्षाबंधन का पर्व है और भाई ने बुलाया है तो हम लोग आए हैं. वह दीर्घायु हों और प्रदेश का विकास करते रहें.

एएसएच/एबीएम