
हेडिंग्ले, 16 जून . विमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 में पाकिस्तान के खिलाफ हाई-वोल्टेज मैच में जीत के बाद भारतीय टीम बुधवार को लीड्स में नीदरलैंड का सामना करेगी. पाकिस्तान के खिलाफ 64 रन से शानदार जीत के बाद ‘ग्रुप-ए’ में मौजूद भारतीय टीम का आत्मविश्वास काफी बढ़ा हुआ है.
‘विमेन इन ब्लू’ ने रविवार को पाकिस्तान के खिलाफ 170 रन का स्कोर खड़ा किया, जिसके बाद विपक्षी टीम को महज 106 रन पर समेट दिया. भारत की यह जीत किसी एक खिलाड़ी के शानदार प्रदर्शन के बजाय पूरी टीम के योगदान का नतीजा थी.
स्मृति मंधाना ने आक्रामक 68 रन बनाए, जबकि कप्तान हरमनप्रीत कौर ने मिडिल ओवर्स में पारी को संभाला, और ऋचा घोष की तूफानी फिनिशिंग ने पाकिस्तान के सामने एक मुश्किल लक्ष्य खड़ा कर दिया. इसके बाद गेंदबाजी में दीप्ति शर्मा ने 5 विकेट हासिल किए, जबकि श्री चरणी ने 3 विकेट निकाले.
दूसरी ओर, बांग्लादेश के खिलाफ हार के बाद नीदरलैंड को अपने खेल में सुधार करने की जरूरत होगी. रविवार को कप्तान बैबेट डी लीडे की सधी हुई फिफ्टी ने पारी को संभाले रखा, लेकिन टॉप ऑर्डर पावरप्ले का फायदा नहीं उठा सका, जिससे मिडिल ऑर्डर पर बहुत ज्यादा दबाव नजर आया.
गेंदबाजी मेहमान टीम की सबसे बड़ी ताकत है. अनुभवी तेज गेंदबाज आइरिस ज्विलिंग ने पहले मैच में कोई विकेट नहीं लिया, लेकिन उन्होंने किफायती गेंदबाजी की. वहीं, कैरोलीन डी लैंग ने 27 रन देकर 2 विकेट लिए. इसके बावजूद, भारत की मजबूत बल्लेबाजी लाइनअप को रोकने के लिए डच गेंदबाजी आक्रमण को और अधिक सहयोग की जरूरत होगी.
हालांकि, भारत का सबसे बड़ा हथियार एक बार फिर उनका स्पिन अटैक हो सकता है. पहले मैच में दीप्ति शर्मा ने फ्लाइट और कंट्रोल के शानदार प्रदर्शन के साथ 10 रन देकर 5 विकेट हासिल किए थे. श्री चरणी ने भी तीन विकेट लिए, जबकि रेणुका सिंह ठाकुर और राधा यादव ने गेंदबाजी आक्रमण को संतुलन प्रदान किया.
शुरुआती मैच जीतने के बाद भारतीय टीम ग्रुप-ए की प्वाइंट्स टेबल में दूसरे पायदान पर है, जबकि ऑस्ट्रेलियाई टीम शीर्ष पर है. एक और शानदार जीत इस कड़े मुकाबले वाले ग्रुप में भारत के नेट रन रेट को और मजबूत करेगी.
भारतीय टीम: हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, भारती फुलमाली, दीप्ति शर्मा, ऋचा घोष, श्री चरणी, यास्तिका भाटिया, नंदनी शर्मा, अरुंधति रेड्डी, रेणुका सिंह, क्रांति गौड़, श्रेयंका पाटिल और राधा यादव.
नीदरलैंड की टीम: बैबेट डी लीडे (कप्तान), कैरोलिन डी लैंग, फ्रेडरिक ओवरडिज्क, हन्ना लैंडहीर, हीथर सीजर्स, आइरिस ज्विलिंग, इसाबेल वान डेर वोनिंग, लारा लीमहुइस, मायरथे वान डेन राड, फेबे मोल्केनबोअर, रॉबिन रिजके, रोजाली लॉरेंस, सान्या खुराना, सिल्वर सीजर्स, स्टर्रे कालिस.
–
आरएसजी