
लंदन, 28 जून . महिला टी20 विश्व कप 2026 के 28वें मुकाबले में इंग्लैंड ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए न्यूजीलैंड को 9 विकेट से रौंदा. केनिंग्टन ओवल के मैदान पर मिली इस हार के साथ ही डिफेंडिंग चैंपियन न्यूजीलैंड का टूर्नामेंट में सफर ग्रुप स्टेज में ही समाप्त हो गया है.
न्यूजीलैंड से मिले 164 रनों के लक्ष्य को इंग्लैंड ने सिर्फ एक विकेट खोकर 17.2 ओवर में हासिल किया. इंग्लैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही और एमी जोन्स का खराब प्रदर्शन इस मुकाबले में भी जारी रहा. जोन्स सिर्फ 17 रन बनाकर आउट हुईं. हालांकि, इसके बाद डैनी व्याट और सोफी डंकले ने मोर्चा संभाला और कीवी टीम को वापसी करने का कोई मौका नहीं दिया.
दोनों ने मिलकर दूसरे विकेट के लिए 80 गेंदों में 128 रनों की अटूट साझेदारी जमाई और इंग्लैंड को धमाकेदार जीत दिलाकर लौटीं. व्याट ने अपनी दमदार फॉर्म जारी रखते हुए सिर्फ 53 गेंदों में 89 रनों की नाबाद पारी खेली. अपनी इस पारी के दौरान उन्होंने 15 चौके और एक छक्का लगाया. वहीं, डंकले 38 गेंदों में 9 चौकों की मदद से 49 रन बनाकर नाबाद रहीं. न्यूजीलैंड की तरफ से एकमात्र विकेट नेन्सी पटेल को मिला.
इससे पहले, न्यूजीलैंड ने 20 ओवर में 6 विकेट खोकर स्कोरबोर्ड पर 163 रन लगाए. टीम को कप्तान अमेलिया केर और इसाबेला गेज ने दमदार शुरुआत दी और पहले विकेट के लिए 9.6 ओवर में 70 रन जोड़े. गेज की पारी धीमी रही और वह 27 गेंदों में 28 रन बनाकर आउट हुईं. वहीं, केर ने 34 गेंदों में 6 चौकों की मदद से 42 रन बनाए. सोफी डिवाइन ने 14 गेंदों में एक चौका और तीन छक्के लगाते हुए 30 रन बनाए.
इजी शार्प बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सकीं और बिना खाता खोले पवेलियन लौटीं. वहीं, ब्रॉक हॉलिडे ने 17 गेंदों में 20 रनों का योगदान दिया, जबकि मेडी ग्रीन 17 रन बनाकर नाबाद रहीं. सूजी बेट्स ने रनआउट होने से पहले 13 गेंदों में 19 रन बनाए. गेंदबाजी में इंग्लैंड की तरफ से डैनी गिब्सन ने 30 रन देकर सर्वाधिक 2 विकेट चटकाए, जबकि फ्रेया केम्प और लॉरेन बेल ने एक-एक विकेट चटकाया.
–
एसएम/एएस