विमेंस टी20 वर्ल्ड कप: न्यूजीलैंड की लगातार दूसरी हार, कप्तान केर ने ‘खराब फील्डिंग’ पर अफसोस जताया

साउथेम्प्टन, 16 जून . विमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 में मंगलवार को श्रीलंका ने न्यूजीलैंड के खिलाफ 5 विकेट से जीत हासिल की. करारी हार के बाद न्यूजीलैंड की कप्तान अमेलिया केर ने अपनी टीम की फील्डिंग पर निराशा जताई. कप्तान ने स्वीकारा है कि कैच छोड़ने जैसी गलतियां एक बार फिर भारी पड़ीं, जबकि ‘व्हाइट फर्न्स’ के पास जीत के लिए पर्याप्त रन थे.

पहले बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम ने कप्तान अमेलिया केर (45) और सोफी डिवाइन (45) के दम पर निर्धारित ओवरों में 6 विकेट खोकर 150 रन बनाए. इसके जवाब में श्रीलंकाई टीम ने 19.4 ओवरों में जीत हासिल कर ली. इस टीम के लिए निलाक्षिका सिल्वा ने नाबाद 54 रन, जबकि कौशानी नुथ्यंगना ने नाबाद 24 रन बनाए.

केर का मानना है कि न्यूजीलैंड ने एक अच्छा स्कोर खड़ा किया था, लेकिन फील्डिंग कमजोर रही. उन्होंने कहा, “मुझे लगा कि विकेट थोड़ी धीमी थी. उनके गेंदबाजी आक्रमण की प्रकृति और गेंद की अपेक्षाकृत लोअर ट्रैजेक्टरी को देखते हुए मुझे लगा कि हमने अच्छा स्कोर बनाया था. हमारे पास मुकाबला जीतने के लिए पर्याप्त रन थे. हम और रन बनाना चाहते थे, लेकिन एक बार फिर फील्डिंग ने हमें निराश किया.”

श्रीलंका की जीत में विकेटों के बीच समझदारी से दौड़ने और डी सिल्वा व नुथ्यांगना की शानदार फिनिशिंग का अहम योगदान रहा, जिन्होंने 28 गेंदों में 48 रन की अटूट साझेदारी की. श्रीलंका को 45 के स्कोर पर पहला झटका लगा, जिसके बाद 55 रन तक टीम ने 4 विकेट खो दिए थे. केर का मानना ​​है कि इन्हीं बातों ने दोनों टीमों के बीच अंतर पैदा किया.

केर ने कहा, “मुझे लगा कि उन्होंने विकेटों के बीच बहुत अच्छी दौड़ लगाई. आखिर में हुई वह साझेदारी बहुत अहम थी. अगर मैं आउट होने के बाद कुछ और ओवर बल्लेबाजी कर पाती, तो सोफी के लिए एक अच्छा मंच तैयार कर सकती थी.”

टी20 वर्ल्ड कप 2026 में लगातार दूसरा मैच गंवाने के बाद न्यूजीलैंड के लिए खिताब बचाने का दबाव बढ़ गया है, लेकिन केर को भरोसा है कि अभी भी उनकी टीम के पास वापसी का मौका है क्योंकि तीन ग्रुप मैच बाकी हैं.

कप्तान ने कहा, “हमारे तीन मैच शेष हैं. ये हमारे लिए बड़े मुकाबले हैं. हमें खुद को बेहतर बनाना होगा. सबसे जरूरी सुधार हमारी फील्डिंग में करने की जरूरत है. हमारी बल्लेबाजी मजबूत है. हम अच्छी जगहों पर शानदार गेंदबाजी कर रहे हैं. हम मौके बना रहे हैं, लेकिन कैच से ही मैच जीते जाते हैं और हमारी फील्डिंग उस स्तर की नहीं रही है.”

आरएसजी