महिला टी20 विश्व कप: वेस्टइंडीज ने श्रीलंका को 5 विकेट से हराया

ब्रिस्टल, 21 जून . महिला टी20 विश्व कप 2026 में रविवार को खेले गए ग्रुप 2 के मैच में वेस्टइंडीज ने श्रीलंका को 5 विकेट से हरा दिया. मैच में वेस्टइंडीज के सामने श्रीलंका की टीम कभी भी कड़ी प्रतिस्पर्धा करती नहीं दिखी.

वेस्टइंडीज ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी थी. पहले बल्लेबाजी करने उतरी श्रीलंका की टीम 19.4 ओवर में 98 रन पर सिमट गई. श्रीलंका की तरफ से नीलक्षिका सिल्वा ने सर्वाधिक 30 रनों की पारी खेली. इसके अलावा, कविशा दिल्हाड़ी ने 21 रन बनाए. इमेशा दुलानी और काव्या काविंदी ने 17-17 रन बनाए. इसके अलावा कोई भी बल्लेबाज दो अंक में नहीं पहुंच सका.

वेस्टइंडीज की तरफ से हेली मैथ्यूज ने 3, और करिश्मा रामहरक ने 2 विकेट लिए. हेनरी, फ्लेचर, एलेने, और अश्मिनी मुनिसार ने 1-1 विकेट लिए.

वेस्टइंडीज ने 99 रन के लक्ष्य को 16.1 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया. वेस्टइंडीज के लिए स्टेफनी टेलर ने नाबाद 27 रन बनाए. इसके अलावा, कप्तान हेली मैथ्यूज ने 17, डिएंड्रा डॉटिन ने 12 और जैनिलेया ग्लासगो ने नाबाद 10 रन बनाए.

बल्लेबाजी में निराशाजनक प्रदर्शन करने वाली श्रीलंका का गेंदबाजी में भी बेहद साधारण प्रदर्शन रहा. गेंदबाज मैच को रोमांचक नहीं बना सकीं. कविशा दिल्हाड़ी ने 4 ओवर में 22 रन देकर 2 विकेट लिए, लेकिन उनका अकेला प्रयास टीम के लिए पर्याप्त नहीं रहा.

वेस्टइंडीज की तीसरे मैच में यह तीसरी जीत है और वह ग्रुप में 6 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर पहुंच गई है. श्रीलंका की तीसरे मैच में यह दूसरी हार थी. श्रीलंका 2 अंकों के साथ पांचवें स्थान पर है. जीत के साथ वेस्टइंडीज की टॉप-4 में पहुंचने की संभावना बढ़ गई है, जबकि श्रीलंका के लिए मुश्किल खड़ी हो गई है. श्रीलंका के लिए टॉप-4 में पहुंचने की संभावना बेहद कम हो गई है.

पीएके