पीएम मोदी के दौरे की प्रतीक्षा कर रहा ‘योगा ऑस्ट्रेलिया’, सीईओ जॉश प्रायर बोले- ‘प्रार्थना द्विपक्षीय संबंध हों और मजबूत’

कैनबरा, 5 जुलाई . प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत करने को ऑस्ट्रेलिया बेताब है. पीएम इंडोनेशिया के बाद ऑस्ट्रेलिया पहुंचेंगे. शनिवार को ऑस्ट्रेलियाई समकक्ष एंथनी अल्बनीज ने बयान जारी कर इस पर हर्ष व्यक्त किया. इसी क्रम में ‘योगा ऑस्ट्रेलिया’ के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) जॉश प्रायर ने एक विशेष संदेश जारी किया है. उन्होंने योग को भारत का दुनिया के लिए अनमोल उपहार बताते हुए प्रधानमंत्री के सफल दौरे की शुभकामनाएं दीं.

जॉश प्रायर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक क्लिप जारी कर पीएम मोदी का स्वागत किया. उन्होंने कहा, “नमस्ते पीएम मोदी, ऑस्ट्रेलिया आपका स्वागत करता है.”

योग को भारत का मानवता के लिए कालातीत और अमूल्य उपहार बताते हुए कहा कि आज ऑस्ट्रेलिया में योग केवल एक शारीरिक अभ्यास नहीं, बल्कि स्वास्थ्य, मानसिक संतुलन, सामाजिक सद्भाव और लोगों के बीच आपसी जुड़ाव का प्रभावी माध्यम बन चुका है. “योगा ऑस्ट्रेलिया की ओर से हजारों योग शिक्षकों, विद्यार्थियों और योग प्रेमियों की तरफ से, मैं आपके सफल और सार्थक दौरे तथा सुखद यादों की कामना करता हूं.”

उन्होंने कहा कि योग दोनों देशों के लोगों को सांस्कृतिक रूप से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है और भारत-ऑस्ट्रेलिया के बीच जन-से-जन संबंधों को और मजबूत कर रहा है.

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की यह यात्रा “भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच लगातार मजबूत हो रही दोस्ती” का प्रतीक है.

प्रायर ने सफल दौरे की कामना करते हुए आगे कहा, “आपकी यह यात्रा दोनों देशों के बढ़ते संबंधों का स्पष्ट संकेत है. योगा ऑस्ट्रेलिया की ओर से आपको ऑस्ट्रेलिया प्रवास के लिए शुभकामनाएं.”

भारतीय उच्चायोग ने इस संदेश को साझा करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के ऑस्ट्रेलिया दौरे के नजदीक आते ही उनके स्वागत में आवाजें और भी बुलंद हो रही हैं. जॉश प्रायर ने अपने संदेश में योग को मानवता के लिए भारत का कालातीत उपहार बताते हुए कहा कि यह आज ऑस्ट्रेलिया में स्वास्थ्य, सद्भाव और लोगों के बीच मजबूत रिश्तों का माध्यम बन चुका है.

इससे पहले, ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री कार्यालय की तरफ से जारी एक बयान में कहा गया कि अल्बनीज को ऑस्ट्रेलिया-भारत वार्षिक लीडर्स समिट के लिए पीएम नरेंद्र मोदी का ऑस्ट्रेलिया में स्वागत करने पर गर्व होगा.

प्रधानमंत्री मोदी सोमवार से छह दिवसीय दौरे पर इंडोनेशिया, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड जा रहे हैं. ऑस्ट्रेलियाई दौरा 8 से 10 जुलाई तक का है. इसके बाद पीएम 10 से 11 जुलाई तक प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन के निमंत्रण पर राजकीय दौरे के लिए न्यूजीलैंड भी जाएंगे. यह दौरा लगभग चार दशकों में किसी भारतीय प्रधानमंत्री का न्यूजीलैंड का पहला राजकीय दौरा होगा.

केआर/