
सिडनी, 2 अगस्त . ऑस्ट्रेलिया के ब्रिस्बेन के उपनगर येरोंगा में 25 वर्षीय युवक को पुलिस अधिकारी पर कथित हमला करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है. उसके खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है. इसकी जानकारी क्वींसलैंड पुलिस सेवा (क्यूपीएस) ने रविवार को जारी एक बयान में दी.
क्यूपीएस के हवाले से सिन्हुआ न्यूज एजेंसी ने बताया कि, शनिवार शाम करीब 5:50 बजे स्थानीय समय पर पुलिस को येरोंगा स्थित एक पते पर बुलाया गया था. मौके पर पहुंचने पर अधिकारियों ने एक युवक को लकड़ी का टुकड़ा लिए पाया. आरोप है कि उसने उसी लकड़ी के टुकड़े से पुलिसकर्मियों को धमकाया और उसे उनकी ओर फेंका.
इसके बाद युवक पुलिस के एक वाहन पर चढ़ गया. पुलिस और डॉग स्क्वाड की टीम ने उससे कई बार बातचीत कर स्थिति को शांत करने की कोशिश की, लेकिन वह पैदल भागने का प्रयास करने लगा. गिरफ्तारी का विरोध करते हुए उसने कथित तौर पर एक वरिष्ठ कांस्टेबल पर हमला कर दिया.
हमले में घायल वरिष्ठ कांस्टेबल को अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई.
पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ हथियार से लैस होकर पुलिस अधिकारी पर गंभीर हमला कर शारीरिक चोट पहुंचाने तथा पुलिस अधिकारी पर गंभीर हमला कर शारीरिक नुकसान पहुंचाने सहित दो गंभीर आरोप लगाए हैं.
इससे पहले 25 जुलाई को क्वींसलैंड राज्य में पुलिस फायरिंग की एक अलग घटना में दो लोग गोली लगने से घायल हो गए थे, जिसकी जांच जारी है.
क्यूपीएस के अनुसार, 25 जुलाई को स्थानीय समयानुसार शाम करीब 5:10 बजे केर्न्स के माउंट शेरिडन उपनगर की बेंजामिना स्ट्रीट से एक सशस्त्र लूट के प्रयास की सूचना मिली थी. बताया गया कि संदिग्ध 28 वर्षीय व्यक्ति वारदात के बाद पैदल फरार हो गया था.
पुलिस ने उसे फोस्टर रोड स्थित एक गोलचक्कर के पास खोज निकाला. अधिकारियों द्वारा उससे संपर्क करने का प्रयास किए जाने के दौरान वह पुलिस कार्रवाई में गोली लगने से घायल हो गया.
इस दौरान एक महिला भी गोली लगने से घायल हो गई. पुलिसकर्मियों ने तुरंत दोनों को प्राथमिक उपचार दिया और उन्हें इलाज के लिए केर्न्स बेस अस्पताल पहुंचाया.
क्यूपीएस के मुताबिक, इस घटना में कोई भी पुलिस अधिकारी घायल नहीं हुआ. पुलिस ने इलाके को अपराध स्थल घोषित कर दिया और स्पष्ट किया कि आम जनता के लिए किसी प्रकार का कोई खतरा नहीं है.
इस घटना की जांच क्वींसलैंड पुलिस सेवा की एथिकल स्टैंडर्ड्स कमांड कर रही है, जिसकी निगरानी क्राइम एंड करप्शन कमीशन द्वारा की जा रही है.
–
केआर/