‘आपकी उपलब्धि युवा एथलीटों को प्रेरित करेगी’, पीएम मोदी ने दी पदक विजेताओं को बधाई

नई दिल्ली, 1 अगस्त . कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारतीय एथलीटों का दमदार प्रदर्शन जारी है. शुक्रवार को भारत ने कुल 6 मेडल अपने नाम किए. जैवलिन थ्रो में नीरज चोपड़ा ने सिल्वर, जबकि यशवीर सिंह ने ब्रॉन्ज पर कब्जा जमाया. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नीरज समेत देश के लिए मेडल जीतने वाले खिलाड़ियों को बधाई दी.

प्रधानमंत्री ने डेकाथलॉन स्पर्धा में ऐतिहासिक ब्रॉन्ज मेडल जीतने वाले तेजस्विन शंकर को बधाई देते हुए अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “भारतीय खिलाड़ी लगातार इतिहास रच रहे हैं और देश का नाम रोशन कर रहे हैं. तेजस्विन शंकर ने ग्लासगो सीडब्ल्यूजी में पुरुषों के डेकाथलॉन इवेंट में ब्रॉन्ज मेडल जीता है. उन्होंने 10 इवेंट्स में शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन किया. उन्हें बधाई. वे ऐसे ही कामयाबी हासिल करते रहें. मेरी शुभकामनाएं.”

जूडो में भारत को सिल्वर मेडल दिलाने वाली यामिनी मोर्या की भी पीएम मोदी ने प्रशंसा की. उन्होंने लिखा, “जूडो की 57 किलोग्राम कैटेगरी में सिल्वर मेडल जीतने पर यामिनी मौर्य को बधाई. उन्होंने बहुत अच्छा खेला और जूडो के प्रति उनका जुनून उनके प्रदर्शन में साफ झलकता है. उनकी इस उपलब्धि से आने वाले समय में कई युवा जूडो की ओर आकर्षित होंगे. उनके भविष्य के प्रयासों के लिए उन्हें बहुत-बहुत शुभकामनाएं.”

कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत के मेडल की सबसे बड़ी उम्मीद माने जा रहे नीरज चोपड़ा ने सिल्वर मेडल अपने नाम किया. प्रधानमंत्री ने नीरज को बधाई देते हुए लिखा, “ग्लासगो में पुरुषों के जैवलिन इवेंट में नीरज चोपड़ा के लिए शानदार सिल्वर. उन्होंने एक बार फिर कमाल की निरंतरता, धैर्य और जोश दिखाया है. उनकी सफलताओं पर हर भारतीय को गर्व है. आगे की कोशिशों के लिए मेरी शुभकामनाएं.”

पीएम मोदी ने जैवलिन में ही ब्रॉन्ज जीतने वाले एथलीट यशवीर की भी तारीफ की. उन्होंने अपने एक्स पर लिखा, “पुरुषों की जैवलिन स्पर्धा में ब्रॉन्ज मेडल जीतने पर यशवीर सिंह को बधाई. उन्होंने शानदार थ्रो किया, जो उनके जोश और लगन को दर्शाता है. उनकी यह उपलब्धि कई युवा एथलीटों को प्रेरित करेगी. भविष्य के प्रयासों के लिए उन्हें बहुत-बहुत शुभकामनाएं.”

एसएम/एएस