‘आपके उत्साह बढ़ाने वाले शब्द कड़ी मेहनत के लिए प्रेरित करेंगे’, पीएम मोदी से मिलने के बाद बोलीं मीराबाई चानू

नई दिल्ली, 10 अगस्त . कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में देश के लिए मेडल जीतने वाले भारतीय खिलाड़ियों से रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खास मुलाकात की. इस दौरान पीएम मोदी ने भारतीय महिला वेटलिफ्टर मीराबाई चानू को उनकी ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए बधाई दी. प्रधानमंत्री से मुलाकात के बाद मीराबाई ने उनके प्रति आभार प्रकट किया है.

मीराबाई ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “प्रधानमंत्री, हमारी इस यात्रा में आपके लगातार सहयोग और प्रोत्साहन के लिए आपका धन्यवाद. रविवार को हुई हमारी खास बातचीत के दौरान हर पदक विजेता के लिए आपके उत्साह बढ़ाने वाले शब्द निश्चित रूप से हमें आने वाली प्रतियोगिताओं में कड़ी मेहनत करने के लिए प्रेरित करेंगे.”

रविवार को प्रधानमंत्री ने अपने आवास पर हुई मुलाकात के दौरान मीराबाई से उनके रोने के कारण पूछते हुए कहा, “इतने आंसू टपक रहे थे कि मुझे लगता है कि हर आंसू के बूंद से गोल्ड मेडल टपक रहा हो.” इस पर मीराबाई ने बताया कि वह पेरिस ओलंपिक में मेडल न पाने से काफी निराश हुई थीं और पिछले 4 वर्षों में उन्होंने काफी कुछ सहा है.

भारतीय वेटलिफ्टर ने कहा, “मैं उस दिन बहुत खुश और भावुक थी. मैं गोल्ड मेडल जीतने के बाद उस दिन इसलिए रोई थी, क्योंकि पेरिस ओलंपिक में मेरा मेडल सिर्फ एक किलो से रह गया था. एक खिलाड़ी के तौर पर आपको बहुत चीजों का सामना करना पड़ता है. इन चार वर्षों के अंदर मैंने काफी चीजों का सामना किया था. हर समय इंजरी ही चल रही थी और परिवार में भी समस्याएं हो रही थीं. मैंने इन 4 वर्षों में बहुत चीजों का सामना किया था. इसी कारण जब मैं पोडियम पर खड़ी थी और जब हमारा नेशनल एंथम बजा, तो मैं खुद को रोक नहीं सकी. देश का झंडा ऊपर देखकर हमारे अपने आप ही आंसू निकल आते हैं.” मीराबाई चानू ने कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में 48 किलोग्राम वर्ग में 190 किलो का भार उठाते हुए देश को गोल्ड मेडल दिलाया. वह लगातार तीन कॉमनवेल्थ गेम्स में गोल्ड जीतने वाली दुनिया की पहली वेटलिफ्टर बनीं.

एसएम/एएस