पश्चिम बंगाल: बारुईपुर में मानसिक रूप से अक्षम महिला के साथ दुष्कर्म, आरोपी युवक गिरफ्तार

कोलकाता, 13 सितंबर . पुलिस ने पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले के बारुईपुर में एक मानसिक रूप से अक्षम महिला के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है.

बारुईपुर जिले के एक सीनियर पुलिस अधिकारी ने रविवार को बताया कि महिला के परिवार की शिकायत के आधार पर युवक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है.

पुलिस के अनुसार, पीड़िता मानसिक रूप से कमजोर है. शनिवार दोपहर वह घर पर अकेली थी. आरोप है कि एक स्थानीय युवक घर में घुसा और मौका पाकर महिला पर हमला कर दिया. आरोप है कि उसके साथ दुष्कर्म किया गया. महिला को धमकी भी दी गई कि अगर उसने मुंह खोला तो उसे मार दिया जाएगा. बाद में जब परिवार के अन्य सदस्य घर लौटे तो महिला ने पूरी घटना बताई.

इस बीच महिला की शिकायत सार्वजनिक होते ही इलाके में तनाव व्याप्त है. खबर मिलते ही बाकुलतला थाने की पुलिस मौके पर पहुंची. पीड़िता के परिवार की शिकायत के आधार पर आरोपी युवक को रविवार सुबह गिरफ्तार कर पुलिस स्टेशन ले जाया गया.

खबर मिलते ही स्थानीय लोग पुलिस स्टेशन के सामने जमा हो गए. कई लोगों ने पुलिस स्टेशन के सामने बैठकर विरोध प्रदर्शन भी किया. उन्होंने मांग की कि पुलिस न केवल आरोपी को गिरफ्तार करे बल्कि यह भी सुनिश्चित करे कि आरोपी को कड़ी सजा मिले.

पुलिस के आला अधिकारी आए और प्रदर्शनकारियों से बात की. उन्होंने उन्हें कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिलाया. पुलिस से आश्वासन मिलने के बाद प्रदर्शनकारियों ने पुलिस स्टेशन के सामने से रास्ता खाली कर दिया.

पुलिस अधिकारी ने कहा, “पुलिस ने कुछ खास धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. गिरफ्तार व्यक्ति से पूछताछ भी की जा रही है.”

बता दें कि इसी बारुईपुर इलाके में शुक्रवार को एक व्यक्ति को 13 साल की बेटी के साथ यौन शोषण करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था. पुलिस के अनुसार, बड़ी बेटी ने स्थानीय पुलिस में पिता के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी.

लड़की ने दावा किया कि वह पिता द्वारा किए जा रहे यौन शोषण के कारण घर छोड़कर चली गई थी. बड़ी बेटी ने आरोप लगाया कि पिता उसकी छोटी बहन के साथ भी ऐसा ही कर रहे हैं. उस शिकायत के आधार पर बारुईपुर महिला पुलिस स्टेशन के अधिकारियों ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.

एससीएच/डीकेपी