दिल्ली: वेलकम मेट्रो के पास 29 साल से चल रहा युवा एकता कांवड़ कैंप, श्रद्धालुओं ने की इंतजामों की तारीफ

नई दिल्ली, 7 अगस्त . सावन में कांवड़ यात्रा पर निकले श्रद्धालुओं के लिए दिल्ली में जगह-जगह सेवा शिविर लगाए गए हैं. वेलकम मेट्रो स्टेशन के पास युवा एकता कांवड़ सेवा समिति का कैंप पिछले 29 सालों से श्रद्धालुओं की सेवा कर रहा है. समिति के सदस्यों ने बताया कि इस बार उन्हें प्रशासन का पूरा सहयोग और बेहतर सुरक्षा इंतजाम मिले हैं. वहीं, कैंप में रुके श्रद्धालुओं ने भी इंतजामों की तारीफ की.

एक श्रद्धालु ने कहा, “मुझे यहां के इंतजाम बहुत पसंद आए. हमने इसी कैंप में रुकने का फैसला किया. यहां बहुत साफ-सफाई है, कोई असुविधा या भीड़-भाड़ नहीं है और हमें खाना, पीने का पानी और सभी जरूरी सुविधाएं मिली हैं.”

दूसरे श्रद्धालु ने बताया, “हमें यात्रा के दौरान कोई परेशानी नहीं हुई. सरकार ने सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई हैं.”

राजस्थान जा रहे एक कांवड़िया ने कहा, “हमने 4 अगस्त को पवित्र जल लिया था और हमें उम्मीद है कि हम 10 अगस्त तक राजस्थान पहुंच जाएंगे. पूरी यात्रा के दौरान सुरक्षा के इंतजाम बहुत अच्छे थे और रास्ते में पड़ने वाले कैंपों में खाने-पीने समेत बेहतरीन सुविधाएं मिलीं.”

वहीं, युवा एकता कांवड़ सेवा समिति के सदस्य विजय कुमार शर्मा ने बताया, “युवा एकता कांवड़ सेवा समिति पिछले 29 सालों से यह कैंप चला रही है. सभी सरकारी गाइडलाइंस का पालन किया जा रहा है. सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, श्रद्धालुओं के लिए कूलर का इंतजाम किया गया है और खाने-पीने व अन्य जरूरतों के लिए उचित सुविधाएं उपलब्ध हैं.”

समिति के दूसरे सदस्य खेमराज चावला ने कहा, “यह कैंप पिछले 29 सालों से चल रहा है और मैं इसका एक सदस्य हूं. सरकार की तरफ से दी गई सुविधाएं बहुत अच्छी हैं. हमें सरकार से कोई शिकायत नहीं है. हमें सभी जरूरी सुविधाएं दी गई हैं और दिल्ली पुलिस पूरा सहयोग कर रही है.”

इस साल सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने खास इंतजाम किए हैं. कैंप का निरीक्षण बम डिस्पोजल स्क्वाड यानी बीडीएस की टीम ने भी किया ताकि किसी भी संदिग्ध चीज की जांच की जा सके. सीसीटीवी कैमरों के जरिए 24 घंटे निगरानी रखी जा रही है. पुलिसकर्मी लगातार गश्त कर रहे हैं ताकि कांवड़ियों को किसी तरह की परेशानी न हो.

पीआईएम/एएस