लखनऊ एयरपोर्ट पर तमंचा मिलने से हड़कंप, दुबई जा रहा युवक गिरफ्तार

लखनऊ, 1 मई . उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के चौधरी चरण सिंह एयरपोर्ट पर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब सुरक्षा जांच के दौरान एक यात्री के बैग से तमंचा बरामद हुआ. यात्री तमंचे को अपने बैग में छिपाकर दुबई ले जाने की फिराक में था.

जानकारी के मुताबिक, यह मामला उस समय सामने आया जब एक युवक दुबई जाने के लिए एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट संख्या आईएक्स-193 से यात्रा करने वाला था. नियमित सुरक्षा जांच के दौरान लेवल-4 चेकिंग में तैनात एमएसएफ (मेटल सिक्योरिटी फोर्स) के कर्मियों ने उसके बैग की जांच की. इसी दौरान बैग में संदिग्ध वस्तु दिखाई दी, जिसके बाद तुरंत उसे खोलकर देखा गया.

जांच में सामने आया कि बैग के अंदर 12 बोर (312 बोर) का अवैध तमंचा रखा हुआ था. सुरक्षा कर्मियों ने तुरंत यात्री को हिरासत में ले लिया और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी.

पकड़े गए युवक की पहचान महेश कुमार चौहान के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले का रहने वाला बताया जा रहा है. सुरक्षा एजेंसियों ने बिना देर किए उसे स्थानीय पुलिस के हवाले कर दिया. इसके बाद उसे सरोजिनी नगर पुलिस के सुपुर्द किया गया, जहां उससे पूछताछ की जा रही है.

प्रारंभिक पूछताछ में यह जानने की कोशिश की जा रही है कि युवक के पास यह अवैध हथियार कहां से आया और वह इसे लेकर दुबई क्यों जा रहा था. साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस मामले में कोई और व्यक्ति या गिरोह शामिल तो नहीं है.

एयरपोर्ट प्रशासन का कहना है कि सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह सतर्क है. अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि सभी यात्रियों की कई स्तरों पर जांच की जाती है, ताकि किसी भी तरह की अवैध या खतरनाक वस्तु विमान तक न पहुंच सके. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है.

पीआईएम/पीएम