जमशेदपुर में युवक को घेरकर मार डाला, पुलिस मुठभेड़ में मुख्य आरोपी के पैर में लगी गोली

जमशेदपुर, 9 जुलाई . झारखंड के जमशेदपुर के मानगो इलाके में बुधवार देर शाम एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई. वारदात के कुछ ही घंटे बाद हत्या के मुख्य आरोपी ने अपने दो साथियों के साथ पुलिस के समक्ष सरेंडर कर दिया, लेकिन गुरुवार तड़के हथियार बरामदगी के लिए चलाए जा रहे सर्च ऑपरेशन के दौरान उसने कथित तौर पर पुलिस टीम पर गोलीबारी कर दी. पुलिस की ओर से की गई जवाबी फायरिंग में आरोपी बुरी तरह घायल हो गया है. उसके दोनों पैरों में गोली लगी है और उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है.

जानकारी के अनुसार, मंगलवार शाम मानगो थाना क्षेत्र के गुरुद्वारा रोड स्थित मुंशी मोहल्ला मजार के पास 10 से 15 लोगों ने 23 वर्षीय राहुल सिंह उर्फ बच्चा को घेर लिया. उसपर धारदार हथियारों और पत्थरों से हमला किया गया. इसके बाद उसे कई गोलियां मारी गईं. गंभीर रूप से घायल राहुल को टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. बताया गया कि हमलावरों की अगुवाई शब्बे नामक युवक कर रहा था.

प्रारंभिक जांच के अनुसार, हत्या की इस वारदात के पीछे प्रेम प्रसंग से जुड़ा विवाद है. मुख्य आरोपी शब्बे को संदेह था कि राहुल उसकी प्रेमिका के संपर्क में था. इसे लेकर इंस्टाग्राम पर दोनों के बीच विवाद हुआ था. पुलिस के अनुसार, शब्बे और राहुल सिंह उर्फ बच्चा दोनों आपराधिक वारदातों में पहले जेल जा चुके थे. वारदात के बाद मुख्य आरोपी सब्बे और उसके दो साथी बुधवार देर रात मानगो थाना पहुंचे और आत्मसमर्पण कर दिया.

पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर गुरुवार तड़के पुलिस टीम उसे हत्या में प्रयुक्त हथियारों की बरामदगी के लिए मानगो के 14 नंबर स्थित वन विभाग के पार्क लेकर गई, तो इसी दौरान उसने छिपाए गए हथियार निकालकर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी. जमशेदपुर के सिटी एसपी ललित मीणा के अनुसार, आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी गोली चलाई, जिसमें आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी. उसे पुलिस हिरासत में एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

पुलिस ने घटनास्थल से दो हथियार और चार खोखे बरामद किए हैं. हत्या में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है. घटना के बाद मानगो क्षेत्र में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल और क्विक रिस्पांस टीम (क्यूआरटी) तैनात की गई है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.

एसएनसी/पीएम