
ओकाजाकी, 1 अक्टूबर . भारत की चिकिथा तनिपार्थी गुरुवार को ओकाजाकी चुओ सोगो पार्क मल्टीपर्पस स्क्वायर में हुए क्वार्टर-फाइनल में इंडोनेशिया की नुरिसा डियान अशरीफा से 144-143 के करीबी अंतर से हारकर महिला कंपाउंड व्यक्तिगत इवेंट से बाहर हो गईं.
शुरुआती दो राउंड में चिकिथा पीछे थीं, लेकिन तीसरे राउंड में उन्होंने वापसी करते हुए बढ़त बना ली. हालांकि, आखिरी राउंड में 8, 9, 10 का स्कोर उनके लिए भारी पड़ा, क्योंकि नुरिसा ने 10, 10, 9 का स्कोर करके मुकाबला जीत लिया.
कंपाउंड इवेंट में यह पहली बार है, जब भारत हांगझोऊ 2023 में जीते गए अपने गोल्ड मेडल का बचाव नहीं कर पाया. गौरतलब है कि हांगझोऊ 2023 में कंपाउंड तीरंदाजों ने सभी पांच गोल्ड मेडल जीते थे.
चिकिथा ने इससे पहले आइची-नागोया में दो गोल्ड मेडल जीते थे. उन्होंने पहले महिला टीम इवेंट में गोल्ड जीता और फिर मिक्स्ड टीम का खिताब जीतने के साथ-साथ लॉस एंजिल्स ओलंपिक कोटा भी हासिल किया.
चिकिथा, पृथिका प्रदीप और ज्योति सुरेखा वेन्नम वाली भारतीय कंपाउंड तीरंदाजी टीम ने बुधवार को चीन को 238-234 से हराकर सफलतापूर्वक गोल्ड मेडल का बचाव किया. भारत ने 2018 में इस इवेंट में सिल्वर और 2014 में ब्रॉन्ज मेडल जीता था.
भारतीय तिकड़ी ने सेमीफाइनल में दक्षिण कोरिया को हराया और फिर फाइनल में चीन को 238 के वर्ल्ड रिकॉर्ड स्कोर के साथ मात दी. यह रिकॉर्ड कोरियाई टीम ने इंचियोन 2014 में बनाया था.
चिकिथा ने साहिल जाधव के साथ मिलकर कंपाउंड मिक्स्ड टीम का गोल्ड मेडल जीता. उन्होंने दक्षिण कोरिया के पार्क जुंगयून और चोई योंगही को शूट-ऑफ में हराया, क्योंकि फाइनल राउंड के बाद स्कोर 157-157 से बराबर हो गया था. इस जीत से भारत को लॉस एंजिल्स 2028 ओलंपिक में कंपाउंड मिक्स्ड टीम इवेंट के लिए कोटा भी मिल गया, जहां यह इवेंट पहली बार ओलंपिक में शामिल होगा.
इसके अलावा, साहिल ने पुरुषों की टीम इवेंट में अपना दूसरा गोल्ड मेडल भी जीता. कुशल दलाल, साहिल और गणेश मणि रत्नम थिरुमुरु की तिकड़ी ने शानदार वापसी करते हुए चीन को हराया और गोल्ड मेडल अपने नाम किया.
–
पीएके