
मुंबई, 17 सितंबर . सीआईआई के अध्यक्ष आर. मुकुंदन ने गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उनके 76वें जन्मदिन पर बधाई देते हुए कहा कि उनके नेतृत्व ने भारतीय अर्थव्यवस्था में औपचारिकीकरण, वित्तीय समावेशन और डिजिटलाइजेशन को बढ़ावा दिया है.
समाचार एजेंसी के साथ एक इंटरव्यू में मुकुंदन ने कहा कि पीएम ने गुजरात के साथ-साथ राष्ट्रीय स्तर पर भी कई महत्वपूर्ण काम किए गए हैं. “औपचारिकीकरण, समावेशन और डिजिटलाइजेशन” पीएम मोदी के कार्यकाल की उपलब्धियों के तीन प्रमुख स्तंभ हैं.
प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व के लिए उनका आभार व्यक्त करते हुए उन्होंने प्रधानमंत्री को सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे करने पर भी बधाई दी.
उन्होंने वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) के क्रियान्वयन को अर्थव्यवस्था के औपचारिकीकरण की दिशा में एक बड़ा कदम बताया. वहीं, जन धन-आधार-मोबाइल (जेएएम) ढांचे को वित्तीय समावेशन का प्रमुख माध्यम और यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (यूपीआई) को भारत के डिजिटलाइजेशन अभियान का एक महत्वपूर्ण हिस्सा बताया.
मुकुंदन ने आगे कहा कि अब फोकस कारोबार करने में आसानी से आगे बढ़कर आम नागरिक के लिए जीवन जीने में आसानी, जीवन-यापन की लागत और जीवन की गति को बेहतर बनाने पर होना चाहिए.
उन्होंने से कहा, “अब ध्यान ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’ से हटकर आम नागरिक के लिए ‘ईज ऑफ लिविंग’, ‘कॉस्ट ऑफ लिविंग’ और ‘स्पीड ऑफ लिविंग’ पर केंद्रित होना चाहिए.”
मुकुंदन ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी को देश और उसके लोगों के लिए ऊंची आकांक्षाएं तय करना जारी रखना चाहिए.
उन्होंने कहा, “हमारे नेता के तौर पर उन्हें हम सभी से और व्यापक रूप से पूरे देश से बहुत ऊंची आकांक्षाएं रखना जारी रखना चाहिए.”
मुकुंदन के मुताबिक, इससे भारत को अपनी आकांक्षाओं को पूरा करने में मदद मिलेगी, खासकर ऐसे समय में जब विकास के लिए सकारात्मक माहौल तैयार हो रहा है.
–
एबीएस