दिल्ली में प्रदूषण से निपटने के लिए 204 वॉटर स्प्रिंकलर, 40 एंटी-स्मॉग गन तैनात: मेयर प्रवेश वाही

नई दिल्ली, 9 नवंबर . दिल्ली में वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) और दिल्ली सरकार की ओर से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं. इस बीच एमसीडी के मेयर प्रवेश वाही ने प्रदूषण नियंत्रण के लिए इस्तेमाल किए जा रहे उपकरणों और मशीनों की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि दिल्ली में फिलहाल 204 वॉटर स्प्रिंकलर, 40 एंटी-स्मॉग गन और 64 मैकेनिकल रोड-स्वीपिंग मशीनें काम कर रही हैं. इसके अलावा, कुछ नई मशीनें भी बेड़े में शामिल की गई हैं और अन्य संसाधन मंगवाए जा रहे हैं.

मेयर ने विपक्ष के आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा कि प्रदूषण के मुद्दे पर राजनीति करने के बजाय दिल्ली में किए जा रहे कार्यों को देखना चाहिए. उन्होंने छठ पूजा की तैयारियों को लेकर भी जानकारी दी और कहा कि इस बार पर्व को और भव्य तरीके से मनाने की व्यवस्था की जा रही है.

दिल्ली में बढ़ते वायु प्रदूषण पर मेयर प्रवेश वाही ने कहा कि सर्दियों के मौसम में दिल्ली की भौगोलिक परिस्थितियों, वातावरण, तापमान और हवा के दबाव जैसे कई कारणों से प्रदूषण का स्तर बढ़ जाता है. यह समस्या हर वर्ष देखने को मिलती है. हालांकि, दिल्ली सरकार और नगर निगम प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए लगातार नए उपकरणों और तकनीकों का इस्तेमाल कर रहे हैं. नगर निगम की ओर से 204 से अधिक वॉटर स्प्रिंकलर चलाए जा रहे हैं. इसके अलावा, 40 एंटी-स्मॉग गन भी प्रदूषण नियंत्रण के काम में लगी हैं. करीब 15 से 20 दिन पहले 12 नई मशीनों और गाड़ियों को भी इस बेड़े में शामिल किया गया है. इन मशीनों के जरिए अलग-अलग इलाकों में पानी का छिड़काव किया जा रहा है. प्रत्येक मशीन की पानी छिड़कने की क्षमता लगभग आठ हजार लीटर है.

प्रवेश वाही ने बताया कि दिल्ली सरकार की मदद से एक हजार लीटर क्षमता वाली स्वीपर मशीनें भी लाई जा रही हैं. इनमें से 200 मशीनों ने काम करना शुरू कर दिया है. इन मशीनों के माध्यम से वैक्यूम तकनीक से सड़कों पर मौजूद धूल के कण और कचरा उठाया जा रहा है. इसके अलावा, मैकेनिकल रोड-स्वीपिंग मशीनें भी काम कर रही हैं. कुल 64 मैकेनिकल रोड-स्वीपिंग मशीनों के जरिए सफाई का काम किया जा रहा है. इन सभी संसाधनों के माध्यम से नगर निगम प्रतिदिन यह सुनिश्चित करने का प्रयास कर रहा है कि दिल्ली में प्रदूषण का स्तर कम हो. साथ ही, लोगों को जागरूक करने के लिए भी कदम उठाए जा रहे हैं.

प्रदूषण को लेकर हो रही राजनीतिक बयानबाजी पर प्रवेश वाही ने विपक्ष पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि दीपावली पर दीये जलाना और पटाखे चलाना देश की संस्कृति का हिस्सा है. Supreme Court ने भी ग्रीन पटाखे दो घंटे के भीतर चलाने की अनुमति दी थी. ऐसे में Supreme Court के फैसले पर सवाल उठाने वालों को पहले अपने शासनकाल में किए गए कार्यों का हिसाब देना चाहिए. विपक्षी दलों ने अपने शासन के दौरान जनहित में पर्याप्त काम नहीं किया, जिसके कारण जनता ने उन्हें नकार दिया. प्रदूषण की समस्या से निपटने के लिए दिल्ली सरकार और नगर निगम लगातार काम कर रहे हैं. उन्होंने विपक्ष की आलोचनाओं को गैरजरूरी बताते हुए कहा कि जनता खुद समझ रही है कि कौन काम कर रहा है और कौन केवल आरोप लगा रहा है.

मेयर प्रवेश वाही ने यमुना की सफाई को लेकर दिल्ली सरकार और नगर निगम की ओर से किए जा रहे कार्यों का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के निर्देश पर यमुना की सफाई का काम लगातार किया जा रहा है. इसके लिए एसटीपी प्लांट लगाए जा रहे हैं और उन्हें शुरू करने की दिशा में काम हो रहा है. नालों के जरिए यमुना में पहुंचने वाले गोबर के निस्तारण के लिए भी कदम उठाए गए हैं. नगर निगम ने गोबर से गैस बनाने का काम शुरू किया है. यमुना को स्वच्छ बनाने के लिए अलग-अलग स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं.

छठ पूजा की तैयारियों पर प्रवेश वाही ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर यमुना के तटों की सफाई और व्यवस्था में सुधार किया गया है. इस काम में नगर निगम पार्षद, विधायक, कार्यकर्ताओं और दिल्ली विश्वविद्यालय के लोगों ने भी भागीदारी की है. उन्होंने विशेष रूप से युवाओं और छात्राओं के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि सभी ने बढ़-चढ़कर सफाई अभियान में हिस्सा लिया है. यमुना के तटों पर इस बार महत्वपूर्ण बदलाव देखने को मिले हैं.

उन्होंने बताया कि यमुना के किनारों के अलावा पश्चिमी यमुना नहर यानी यमुना कैनाल के आसपास भी छठ पूजा के लिए व्यवस्थाएं की जा रही हैं. बवाना और नरेला सहित दिल्ली के कई स्थानों पर नए घाट बनाए जा रहे हैं. साथ ही, घाटों तक पहुंचने के लिए रास्तों की व्यवस्था भी की जा रही है. इन तैयारियों का उद्देश्य पूर्वांचल के लोगों को श्रद्धा, उत्साह और सद्भावना के साथ छठ पर्व मनाने के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है. उन्होंने उम्मीद जताई कि इस बार दिल्ली में छठ पूजा पहले से अधिक दिव्य और भव्य होगी.

–

पीएसके