अभिनेता बालाजी मुरुगदॉस ने पुलिस को दी कानूनी लड़ाई की चेतावनी, बोले- ‘घर आए हर पुलिसकर्मी को सस्पेंड करवाऊंगा’

चेन्नई, 9 नवंबर . तमिल अभिनेता और रियलिटी शो ‘बिग बॉस’ के विजेता बालाजी मुरुगदॉस ने अपने घर पर पुलिस की तलाशी को लेकर नाराजगी जाहिर की है. अभिनेता ने अब पुलिस के खिलाफ कानूनी लड़ाई लड़ने का फैसला किया है.

बालाजी मुरुगदॉस ने कहा कि वह कोर्ट में इस मामले को उठाएंगे और उनके घर की तलाशी लेने आए हर पुलिसकर्मी को सस्पेंड करवाकर रहेंगे. उनका दावा है कि पुलिस बिना किसी सर्च वारंट और सबूत के उनके घर पहुंची थी. इस घटना के बाद उनके मकान मालिक ने भी उन्हें घर खाली करने के लिए कह दिया है.

बालाजी मुरुगदॉस ने अपने ‘एक्स’ अकाउंट पर कई पोस्ट शेयर कर पुलिस विभाग पर सवाल उठाए. उन्होंने लिखा, ”मैं आपसे कोर्ट में मिलूंगा. मैंने 30 साल तक मेहनत की है, संघर्ष किया है और यहां तक पहुंचा हूं. क्या आप ऐसा ही व्यवहार उन लोगों के साथ भी करेंगे, जिन्हें फिल्म इंडस्ट्री में नेपोटिज्म का फायदा मिलता है? शर्म आनी चाहिए.”

एक अन्य पोस्ट में अभिनेता ने लिखा, ”मैं यह सुनिश्चित करूंगा कि मेरे घर आए हर पुलिसकर्मी को सस्पेंड किया जाए. उनके पास कोई सर्च वारंट नहीं था, कोई सबूत नहीं था, बस फोन आने पर वे मेरे घर पहुंच गए. मेरे मकान मालिक ने मुझे घर खाली करने के लिए कह दिया है. इस पूरे मामले की जिम्मेदारी किसी न किसी को लेनी होगी. जब तक तमिलनाडु पुलिस मुझसे माफी नहीं मांगती, मैं पीछे नहीं हटूंगा. कोर्ट में मुलाकात होगी.”

दरअसल, सोमवार को अभिनेता ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया था, जिसमें नारकोटिक्स विभाग के अधिकारी उनके घर पहुंचकर तलाशी लेते नजर आए थे. वीडियो में बालाजी अधिकारियों से सवाल करते सुनाई दिए कि आखिर किस आधार पर उनके घर की तलाशी ली जा रही है. उन्होंने खुद को निर्दोष बताते हुए अधिकारियों से इसकी वजह बताने की मांग की थी.

इस वीडियो को एक्स पर शेयर करते हुए बालाजी ने लिखा था, ”पिछली रात नारकोटिक्स विभाग के 15 पुलिसकर्मी मेरे घर आए थे. मैं सिर्फ यह जानना चाहता हूं कि शिकायत किसने और किस वजह से की. मैंने उनसे कई बार पूछा, लेकिन उन्होंने कुछ नहीं बताया. मैं ब्लड टेस्ट कराने के लिए भी तैयार हूं, लेकिन आपके पुलिस विभाग को शर्म आनी चाहिए.”

अभिनेता ने आगे लिखा कि उनके घर आए 15 पुलिसकर्मियों को तलाशी के दौरान तीन बिल्लियां और एक कुत्ता ही मिला. उनके पास कोई सर्च वारंट नहीं था. खुद को निर्दोष बताते हुए उन्होंने अधिकारियों को घर के अंदर आने और तलाशी लेने की अनुमति दी, लेकिन वह इस कार्रवाई की वजह जानना चाहते हैं.

वीडियो में एक पुलिस अधिकारी उन्हें मोबाइल से रिकॉर्डिंग करने से रोकता सुनाई देता है. अधिकारी कहता है, ”अगर आप रिकॉर्डिंग करेंगे, तो हम भी रिकॉर्ड करेंगे.”

इस पर बालाजी जवाब देते हैं, ”आप रिकॉर्ड कीजिए. सर, मैं बिल्कुल क्लीन हूं. आप अंदर जाइए और पूरे घर की अच्छी तरह तलाशी लीजिए.”

काम की बात करें तो बालाजी मुरुगदॉस पिछली बार निर्देशक जे. सतीश कुमार की फिल्म ‘फायर’ में नजर आए थे. इस फिल्म में उन्होंने विलेन की भूमिका निभाई थी.

–

पीके/डीकेपी