
कोलकाता, 12 जुलाई . कोलकाता के अलीपुर स्थित क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र (आरएमसी) ने रविवार को अनुमान जताया है कि कोलकाता समेत दक्षिण बंगाल के जिलों में अगले सात दिनों तक बारिश जारी रहेगी. साथ ही, मौसम विभाग ने उत्तर बंगाल में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी भी जारी की है.
आरएमसी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मानसून की रेखा अभी हरियाणा और उत्तर प्रदेश से लेकर मणिपुर तक फैली हुई है. इसके अलावा, उत्तरी बांग्लादेश और उसके आसपास के इलाकों में एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना हुआ है. यह समुद्र तल से 1.5 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला है.
अधिकारी ने कहा, “इस साइक्लोनिक सर्कुलेशन के ऊपर से बिहार से मणिपुर तक एक और ट्रफ बना है. इसके चलते बंगाल की खाड़ी से भारी मात्रा में नमी जमीन की ओर आ रही है. इसके असर से उत्तर और दक्षिण बंगाल में बारिश और आंधी-तूफान का दौर जारी रहेगा.”
इस बीच, कोलकाता में मंगलवार तक कहीं-कहीं बारिश और आंधी-तूफान की स्थिति बनी रहेगी. 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना हैं. उत्तर 24 परगना, हावड़ा, हुगली, दक्षिण 24 परगना, पूर्व मेदिनीपुर, झाड़ग्राम और पुरुलिया जिलों में भी अगले कुछ दिनों तक मौसम का यही हाल रहने का अनुमान है. सोमवार को बांकुरा, पश्चिम बर्धमान और मुर्शिदाबाद जिलों में भारी बारिश की संभावना है. समुद्र में जाने वाले मछुआरों के लिए कोई नई चेतावनी जारी नहीं की गई है.
गुरुवार से दक्षिण बंगाल में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है. उस दिन हावड़ा और उत्तर 24 परगना जिलों में भारी बारिश हो सकती है. इसके अलावा, गुरुवार से शनिवार तक दक्षिण 24 परगना, पूर्व मेदिनीपुर, पश्चिम मेदिनीपुर, झाड़ग्राम, पुरुलिया और बांकुरा जिलों में लगातार भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है.
वहीं, उत्तर बंगाल के जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है. रविवार और सोमवार को दार्जिलिंग, कलिम्पोंग, जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार और कूचबिहार में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. उत्तर बंगाल के बाकी जिलों में भी भारी बारिश की संभावना है. उत्तर बंगाल के सभी जिलों में मंगलवार तक बारिश जारी रहने की उम्मीद है. अगले शुक्रवार और शनिवार को कलिम्पोंग और अलीपुरद्वार जिलों में भी भारी बारिश हो सकती है.
रविवार सुबह कोलकाता में न्यूनतम तापमान 28.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.5 डिग्री ज्यादा था. शनिवार को शहर में अधिकतम तापमान 32.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो सामान्य से 0.7 डिग्री कम था.
–
डीकेएम/डीकेपी