इसरो भर्ती 2026: साइंटिस्ट/इंजीनियर के 92 पदों पर आवेदन शुरू, ग्रेजुएट्स न चूकें मौका

नई दिल्ली, 29 जुलाई . देश के लाखों युवाओं का सपना सरकारी नौकरी करने का होता है. अगर आप भी उन्हीं में से एक हैं, तो आपके लिए एक शानदार अवसर सामने आया है. दरअसर, भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) का एक विशेष विभाग इसरो केंद्रीकृत भर्ती बोर्ड (आईसीआरबी) ने अपने संबंधित सेंटर्स/यूनिट्स और ऑटोनॉमस बॉडीज में साइंटिस्ट/इंजीनियर ‘एससी’ (ग्रुप ‘ए’ गजेटेड पोस्ट) और साइंटिस्ट/इंजीनियर ‘एससी’ (नॉन-गजेटेड पोस्ट) के कुल 92 पदों पर योग्य और इच्छुक उम्मीदवारों की भर्ती के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके आवेदन आमंत्रित किए हैं.

इसरो की ओर से जारी 92 रिक्तियों में साइंटिस्ट/इंजीनियर ‘एससी’ (इलेक्ट्रॉनिक्स) के 34, साइंटिस्ट/इंजीनियर ‘एससी’ (मैकेनिकल) के 26, साइंटिस्ट/इंजीनियर ‘एससी’ (कंप्यूटर साइंस) के 13, साइंटिस्ट/इंजीनियर ‘एससी’ (सिविल) के 10, साइंटिस्ट/इंजीनियर ‘एससी’ (इलेक्ट्रिकल) के 4, साइंटिस्ट/इंजीनियर ‘एससी’ (रेफ्रिजरेशन और एयर कंडीशनिंग) के 2, साइंटिस्ट/इंजीनियर ‘एससी’ (आर्किटेक्चर) के 2 और साइंटिस्ट/इंजीनियर ‘एससी’ (सिविल) – ऑटोनॉमस बॉडी (पीआरएल) का 1 पद शामिल हैं.

इन सभी पोस्ट के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 17 अगस्त तय की गई है. ऐसे में जो पात्र उम्मीदवार इन पदों पर नियुक्त होने के लिए एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, वे इसरो की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा कर सकते हैं.

आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से संबंधित पद अनुसार न्यूनतम 65 प्रतिशत अंकों के साथ बीई/बीटेक, ग्रेजुएशन या इसके समकक्ष डिग्री होनी चाहिए. इसके अलावा कैंडिडेट्स के पास वैध गेट स्कोर का होना भी अनिवार्य है.

आवेदकों की अधिकतम आयु 28 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना आवेदन के अंतिम तिथि के आधार पर की जाएगी. वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी.

योग्य अभ्यर्थियों का चयन वैध गेट स्कोर के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी पे मैट्रिक्स का लेवल 10 के अनुसार 56,100 रुपए प्रति माह होगी. इसी के साथ कैंडिडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे.

एप्लीकेशन फॉर्म भरते समय उम्मीदवारों को अपने वर्ग अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा, जो जनरल/ओबीसी/ईडब्ल्यूएस के लिए 250 रुपए तय किया गया है. वहीं, सभी श्रेणी की महिलाएं, अनुसूचित जाति (एससी)/अनुसूचित जनजाति (एसटी) और बेंचमार्क विकलांगता वाले व्यक्ति (पीडब्ल्यूबीडी) वर्ग से आने वाले कैंडिडेट्स को रजिस्ट्रेशन फीस में छूट दी गई है.

डीके/पीएम