कुलगाम आतंकी हमले पर मंत्री जवाहर सिंह बेढम ने कहा-आतंक फैलाने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई

जयपुर, 1 अगस्त . राजस्थान के गृह राज्यमंत्री जवाहर सिंह बेढम ने जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में हुए आतंकी हमले पर प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि सरकार आतंक को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी.

कुलगाम में दो प्रवासी मजदूरों की हत्या पर मंत्री बेढम ने से कहा, “हमें घटना की जानकारी मिल गई है. जो भी लोग आतंक फैलाने की कोशिश करेंगे, हमारी सुरक्षा एजेंसियां और फोर्स उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करेंगी. आपने पहले भी देखा है. अगर किसी संगठन ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है, तो हमारी सरकार उसके खिलाफ भी सख्त कदम उठाएगी. उन्होंने भरोसा दिलाया कि देश की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा.”

राजस्थान कांग्रेस में चल रही खींचतान पर निशाना साधते हुए जवाहर सिंह बेढम ने कहा, “कांग्रेस के अंदर की लड़ाई अब चरम पर पहुंच गई है. प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा का बयान अहंकार दिखाता है. उनका कहना कि ‘मुझे किसी ऐरे-गैरे से सर्टिफिकेट की जरूरत नहीं है’, यह किसी भी राजनीतिक संगठन के लिए अच्छी बात नहीं है. इससे अनुशासन और संस्कारों की कमी दिखती है.”

उन्होंने कहा, “कांग्रेस के लोग अपनी स्वार्थ पूर्ति के लिए किसी भी हद तक जा सकते हैं. उनके बयान से ही यह साफ हो जाता है. उनकी आपसी लड़ाई ही उनके पतन की सबसे बड़ी वजह है.”

दरअसल, राजस्थान कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने हाल ही में जयपुर में एक कार्यक्रम के दौरान कहा था, “राहुल गांधी ने मुझसे कहा कि डोटासरा और जूली बहुत अच्छा काम कर रहे हैं. मुझे किसी ऐरे-गैरे से सर्टिफिकेट की जरूरत नहीं है. जब मेरे नेता यह कहते हैं तो मेरे लिए वही काफी है.”

डोटासरा के इसी बयान के बाद कांग्रेस के भीतर बयानबाजी तेज हो गई है. भाजपा इसे कांग्रेस की कमजोरी बता रही है.

वीकेयू/वीसी