क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बंगाल ने शुरू किया कोच प्रशिक्षण कार्यक्रम

कोलकाता, 4 अगस्त . क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बंगाल (कैब) कोचों के प्रशिक्षण के लिए कार्यक्रम आयोजित कर रहा है. इसका लक्ष्य कोचिंग के क्षेत्र में करियर बनाने वाले व्यक्तियों के सपने को पूरा करना है. इस कार्यक्रम में कैब भारी निवेश कर रहा है.

कैब का मानना है कि क्रिकेट का मजबूत इकोसिस्टम काफी हद तक ग्रासरूट कोच की क्वालिटी पर निर्भर करता है. इसी उद्देश्य से कैब कोचों के प्रशिक्षण के लिए ‘ओ लेवल’ कार्यक्रम की शुरुआत कर रहा है. सेमिनार कमेटी की सीधी देखरेख में चलाए जा रहे इस गहन और कई महीनों तक चलने वाले प्रोग्राम के जरिए, क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बंगाल न सिर्फ इच्छुक कोचों के व्यक्तिगत सपनों को पूरा कर रहा है.

‘ओ लेवल’ कार्यक्रम के माध्यम से 240 से ज्यादा उम्मीदवारों को बीसीसीआई-समर्थित तरीकों और विश्व-स्तरीय जानकारी से लैस करके, कैब यह सुनिश्चित करना चाहता है कि खिलाड़ियों की अगली पीढ़ी को मान्यता प्राप्त, बेहद कुशल और क्रिकेट के प्रति गहरे जुनून वाले कोचों का मार्गदर्शन मिल सके. एक उत्साही व्यक्ति से मान्यता प्राप्त कोच बनने का सफर यहीं से शुरू होता है.

कैब ओ लेवल कोच कोर्स की शुरुआत से पहले, भारत के पूर्व क्रिकेटर और बंगाल की सीनियर टीम के मौजूदा हेड कोच लक्ष्मी रतन शुक्ला, एपेक्स काउंसिल के सदस्य सुरजीत लाहिड़ी और सेमिनार कमेटी के चेयरमैन सौगत चटर्जी मौजूद थे.

भारत में क्रिकेट हमेशा से एक लोकप्रिय खेल रहा है. मौजूदा समय में आईपीएल, राज्य-आधारित टी20 लीगों और बड़े पैमाने पर खुल रहे क्रिकेट अकादमियों की वजह से कोचों की मांग बढ़ी है. बतौर कोच करियर के विकल्प पहले से बहुत ज्यादा बढ़े हैं और आर्थिक रूप से भी संतुष्टिजनक हैं. ऐसे में कैब द्वारा चलाया जा रहा कोच प्रशिक्षण कार्यक्रम युवाओं को कोचिंग के क्षेत्र में करियर बनाने में मददगार साबित हो सकता है.

पीएके