
अहमदाबाद, 5 अगस्त . भाजपा प्रवक्ता रोहन गुप्ता ने समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव के ब्राह्मण कार्ड खेलने पर तंज कसा. उन्होंने कहा कि यूपी की जनता उनके कार्यकाल में माफिया राज को नहीं भूली है.
से बातचीत में रोहन गुप्ता ने कहा कि अखिलेश यादव हाल ही में नए सनातनी बने हैं. ये वही हैं, जिन्होंने ढाई साल बाद भी राम मंदिर के दर्शन नहीं किए हैं. ये वही हैं, जिन्होंने अयोध्या में लोकसभा सीट जीतने पर बड़े-बड़े बयान दिए थे, लेकिन, विधानसभा के उपचुनाव हारने के बाद चुप रहे. ये वही अखिलेश यादव हैं, जिन्होंने हमेशा कहा कि वे कोर्ट के फैसले का सम्मान करते हैं, फिर भी राम मंदिर का निर्माण शुरू होने के बाद भी दर्शन के लिए नहीं गए हैं. वह कौन से मुंह से हिंदुत्व की बात करते हैं, आज भी जनता को उनके कार्यकाल में फैला माफियाराज याद है. यूपी की जनता को विकास चाहिए और सीएम योगी के नेतृत्व में प्रदेश तेजी से विकास के पथ पर दौड़ रहा है.
झारखंड में छात्रों के विरोध-प्रदर्शन पर उन्होंने कहा कि यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है कि इस देश में दोहरे मापदंड अपनाए जाते हैं. एक समय जब छात्र जंतर-मंतर पर बैठे थे तो मोदी सरकार ने संवेदनशीलता दिखाई, उनकी बातें सुनीं, उनसे चर्चा की और उनकी समस्याओं का समाधान करने की कोशिश की. झारखंड भी भारत का ही हिस्सा है और वहां कैसा बर्ताव किया जा रहा है. जब कर्नाटक में कांग्रेस के एक नेता से इस मामले में पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि उन्हें अपना विरोध जारी रखने दो, उन्हें लाठियां खाने दो, फिर मैं देखूंगा. यह संवेदनहीनता है, यह सिर्फ राजनीति है. भाजपा शासित प्रदेश में अगर कुछ होगा तो राहुल गांधी बोलेंगे. लेकिन, जहां उनके समर्थन या फिर उनकी सरकार होगी तो वे चुप्पी साध लेंगे.
पीडीपी नेता महबूबा मुफ्ती द्वारा भारतीय झंडा गलत पकड़े जाने पर रोहन गुप्ता ने कहा कि ये लोग क्या संदेश देना चाहते हैं. क्या वे देश में रहते हुए राष्ट्रीय ध्वज का अपमान करेंगे? मुझे नहीं लगता कि यह कोई गलती से हुआ है. बल्कि, यह उनकी सोच है. वे क्या दिखाना चाहते हैं, इसे साफतौर पर समझा जा सकता है. ऐसी हरकतें नहीं होनी चाहिए. कश्मीर में जो शांति कायम हुई है, वह देश के लिए एक बड़ी उपलब्धि है. ये वही लोग हैं, जो किसी न किसी तरह उस शांति को भंग करके अशांति फैलाना चाहते हैं.
पीएम मोदी को लेकर राहुल गांधी के बयान पर भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे पर राजनीति कर रही है. उन्हें मालूम होना चाहिए कि पीएम मोदी पर व्यक्तिगत टिप्पणी करने से नुकसान ही होता है. जब पीएम मोदी ने बच्चियों को माफ कर दिया है तो कांग्रेस इस पर भी राजनीति करने से बाज नहीं आ रही है. इससे एक चीज तो साफ हो जाती है कि कांग्रेस सत्ता की लालसा में कुछ भी कर सकती है.
–
डीकेएम/एबीएम