‘पीएम मोदी के प्रयास से गांव में छुपी प्रतिभाएं सामने आईं’, खिलाड़ियों से प्रधानमंत्री की मुलाकात पर बोले भाजपा नेता

नई दिल्ली, 10 अगस्त . प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के पदक विजेता भारतीय खिलाड़ियों से मुलाकात करने पर भाजपा नेताओं ने प्रशंसा की है. सभी ने प्रधानमंत्री मोदी का धन्यवाद दिया और खिलाड़ियों को बधाई व शुभकामनाएं दीं.

प्रधानमंत्री मोदी के खिलाड़ियों से संवाद पर भाजपा सांसद प्रवीण पटेल ने से कहा, “पीएम मोदी लगातार ‘खेलो इंडिया’ के माध्यम से खेल को बढ़ावा देते रहते हैं. हमारे कॉमनवेल्थ गेम्स के खिलाड़ियों के साथ भी पीएम मोदी ने एक वीडियो इंस्टाग्राम पर शेयर किया था. उन्होंने इस बात को कहा था कि ‘जो खेलेगा वो खिलेगा’. ये वास्तव में एक संदेश है, क्योंकि भारत युवाओं का देश है. युवा खेलेंगे तो निश्चित रूप से वे देश का नाम बढ़ाएंगे और उनके भी व्यक्तित्व का निर्माण होगा.”

भाजपा सांसद ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा, “कॉमनवेल्थ गेम्स में उन्होंने देश का मान बढ़ाया है. स्वर्ण से लेकर रजत और कांस्य पदक जीतकर उन्होंने देश का सिर ऊंचा किया है.”

राजस्थान भाजपा के नेता राजेंद्र राठौड़ ने कहा, “आज बदलता हुआ हिंदुस्तान हर क्षेत्र के अंदर दुनिया का सिरमौर बनता जा रहा है. कॉमनवेल्थ में इस बार जो हमारे भारतीय खिलाड़ी थे, उन्होंने अभूतपूर्व सफलता प्राप्त की है. उन्होंने खेलों को बढ़ावा देने के लिए ‘खेलो इंडिया’ और ‘फिट इंडिया’ जैसे कई अभियान चलाए. आज पीएम मोदी के कार्यकाल से खेल प्रतिभाएं जो गांव में छुपी हुई थीं, इन अभियानों के माध्यम से आगे आईं. आपने देखा होगा, कॉमनवेल्थ के अंदर 70 प्रतिशत वो लोग थे, जो गांव के खेल के मैदान से निकलकर, दुनिया के खेल के मैदान में भारत का मस्तक ऊंचा किया.”

उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री का स्वभाव और कार्यशैली निश्चित तौर पर लोगों को हर क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरणा देती है. उनका संवाद खिलाड़ियों में नई जीवंतता के साथ अगले कदम एशियाड की तरफ और उससे आगे ओलंपिक की तरफ बढ़ने के लिए प्रेरित करेगा. प्रधानमंत्री मोदी ने जिस तरह खिलाड़ियों को प्रोत्साहित किया है, उसके लिए जितना धन्यवाद और साधुवाद दिया जाए कम है.”

जदयू के राष्ट्रीय महासचिव श्याम रजक ने कहा, “भारत के खिलाड़ियों में एक नई ऊर्जा आई है. लंबे समय के प्रयास के बाद और हमारे देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के उत्साहवर्धक व्यवहार के कारण लोगों में जीतने की ललक हुई है. हर खेल में हमारे खिलाड़ी ओलंपिक और एशियाड जैसे आयोजनों में जीत हासिल करने का काम करते हैं. हम उन्हें बहुत-बहुत बधाई देना चाहते हैं और प्रधानमंत्री मोदी को साधुवाद देना चाहते हैं, जिनके प्रयास से खिलाड़ियों में भी नई जान आई.”

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गुरु प्रकाश ने कहा, “खेलो इंडिया के माध्यम से, फिट इंडिया के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लगातार युवाओं से आह्वान किया है कि खेलना कितना आवश्यक है, फिट रहना कितना आवश्यक है. चाहे कॉमनवेल्थ हो, ओलिंपिक हो, आज वैश्विक पटल पर वैश्विक मंच पर भारत के खिलाड़ी बहुत अच्छा कर रहे हैं. तो मुझे लगता है कि ये उत्साहवर्धन करना ये ऊर्जा देता है, ये उत्साह देता है.”

डीसीएच/