
नई दिल्ली, 19 अगस्त . कांग्रेस की राज्यसभा सदस्य रेणुका चौधरी ने वंदे मातरम को लेकर चल रहे विवाद और सोनिया गांधी पर लगे आरोपों पर कड़ी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने भाजपा और आरएसएस पर भी निशाना साधते हुए कहा कि देश में नफरत फैलाने के लिए अब वंदे मातरम को मुद्दा बनाया जा रहा है.
वंदे मातरम गायन को लेकर हुए विवाद और सोनिया गांधी पर लगे आरोपों पर रेणुका चौधरी ने कहा, “ये आरोपों का राज है. असली मुद्दों से ध्यान हटाने के लिए ये सब किया जा रहा है. देश के प्रधानमंत्री या किसी ने भी ये नहीं कहा कि बच्चों के साथ नाइंसाफी हुई. नीट का पेपर बार-बार लीक होता है. इन सब मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए वंदे मातरम को लेकर आरोप लगाए जा रहे हैं.”
उन्होंने कहा, “सोनिया गांधी ने क्या कहा, किसी ने सुना क्या? उनका सिर्फ इशारा देखकर आरोप लगा दिए. हम जानते हैं सोनिया गांधी ने क्या कहा. तो इन लोगों को जवाब क्या दें?”
अभिनेत्री और सांसद कंगना रनौत के इस बयान पर कि “कांग्रेस देशभक्ति और राष्ट्रगीत को लेकर पाकिस्तान से ज्यादा जलती है”, रेणुका चौधरी ने पलटवार किया. उन्होंने कहा, “दरअसल कंगना को किसी ने स्क्रिप्ट लिखकर नहीं दी. किसी ने उन्हें बताया ही नहीं कि देश का इतिहास क्या है. आरएसएस के हेडक्वार्टर में कभी तिरंगा नहीं फहराया गया. उन्होंने कभी वंदे मातरम का जिक्र तक नहीं किया. अब अचानक देशभक्त बन गए हैं. जानबूझकर देश में आग लगाने के लिए अब वंदे मातरम अपना रहे हैं.”
क्या वंदे मातरम का पूरा गीत राजनीतिक से प्रेरित है और क्या ये हिंदू-मुस्लिम करने वाला है, इस सवाल पर रेणुका ने कहा, “उस समय जो माहौल था, उस कारण से फैसला हुआ था. आज ये लोग किस कारण से कर रहे हैं, वो जानें और भगवान जाने. वैसे तो भगवान राम भी इनसे हटकर बैठे हैं.”
उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे का जिक्र करते हुए कहा, “मल्लिकार्जुन खड़गे के बारे में कहूं तो वो इतने महान आदमी हैं. लगातार चुनाव लड़ते गए, जीतते गए. वो हल्द्वानी गए तो वहां शुद्धिकरण करवाया.”
केंद्रीय मंत्री एचडी कुमारस्वामी के इस बयान पर कि “सोनिया गांधी ने वंदे मातरम का अपमान किया क्योंकि उनमें इटली का खून है”, रेणुका चौधरी ने कहा, “इनके खून में क्या है, यही होता है बहुओं के साथ. बहुएं हमेशा बाहर की होती हैं. मगर हमें हमेशा दोषी और बाहर का कहा जाता है. इसलिए तो देश में आज भी हम अपनी दुल्हनों को जला देते हैं, ऐसे विचार वाले लोगों की वजह से. आपका खून क्या है? आप किस कौम के खून हैं?”
–
वीकेयू/पीएम