पश्चिमी वायु कमान में एमडब्ल्यूओ की संगोष्ठी, एयर मार्शल जॉर्ज थॉमस ने की अध्यक्षता

नई दिल्ली, 15 सितंबर . भारतीय वायुसेना की पश्चिमी वायु कमान (डब्ल्यूएसी) ने अपने स्टेशन मास्टर वारंट अधिकारियों (एमडब्ल्यूओ) के लिए एक महत्वपूर्ण संगोष्ठी का आयोजन किया. यह संगोष्ठी 14 सितंबर 2026 को मुख्यालय डब्ल्यूएसी में आयोजित की गई.

इस संगोष्ठी की अध्यक्षता वायुसेना प्रमुख, पश्चिमी वायु कमान के एयर ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ एयर मार्शल जॉर्ज थॉमस ने की. इसमें कमान के उत्तरदायित्व क्षेत्र के सभी एयर फोर्स स्टेशनों के स्टेशन एमडब्ल्यूओ ने भाग लिया.

इस संगोष्ठी का मुख्य उद्देश्य सर्वोत्तम कार्यप्रणालियों को साझा करने, विचारों का आदान-प्रदान करने और सुधार के क्षेत्रों पर विचार-विमर्श के लिए एक साझा मंच प्रदान करना था.

बैठक में चर्चाओं का केंद्र बिंदु कार्य वातावरण को बेहतर बनाना, रोजमर्रा की सामान्य चुनौतियों का समाधान निकालना और वायु सैनिकों एवं उनके परिवारों के लिए चलाई जा रही कल्याणकारी पहलों को और अधिक सुदृढ़ करना था.

संगोष्ठी के दौरान एयर फोर्स स्टेशनों में सकारात्मक और अनुकूल वातावरण बनाने के लिए संगठन में प्रभावी संचार, उत्कृष्ट व्यावसायिकता और कल्याणकारी दृष्टिकोण को बढ़ावा देने में स्टेशन एमडब्ल्यूओ की महत्वपूर्ण भूमिका पर विशेष बल दिया गया.

एयर मार्शल जॉर्ज थॉमस ने कहा कि स्टेशन मास्टर वारंट अधिकारी एयरमैन और अफसरों के बीच एक अहम कड़ी होते हैं. वे न सिर्फ अनुशासन और प्रोफेशनलिज्म बनाए रखते हैं, बल्कि जवानों के कल्याण से जुड़े मुद्दों को कमान तक पहुंचाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं.

संगोष्ठी में कर्मियों के कल्याण, निरंतर सुधार और व्यावसायिक उत्कृष्टता के प्रति पश्चिमी वायु कमान की प्रतिबद्धता की भी पुष्टि की गई. अधिकारियों ने कहा कि ऐसी बैठकें भविष्य में भी जारी रहेंगी ताकि जमीनी स्तर पर आने वाली चुनौतियों को बेहतर तरीके से समझा और सुलझाया जा सके.

एससीएच/डीकेपी