शरवरी वाघ के साथ थिरकीं माधुरी दीक्षित, ‘ये प्रेम मोल लिया’ के गाने पर दिखी जुगलबंदी

मुंबई, 28 अक्टूबर . बॉलीवुड में जब किसी नई एक्ट्रेस को अपनी पसंदीदा अदाकारा के साथ डांस करने का मौका मिलता है, तो वह पल उसके लिए बेहद खास बन जाता है. ऐसा ही कुछ एक्ट्रेस शरवरी वाघ के साथ भी देखने को मिला, जब उन्हें माधुरी दीक्षित के साथ अपनी आने वाली फिल्म ‘ये प्रेम मोल लिया’ के गाने पर डांस करने का मौका मिला.

शरवरी ने इस खास पल का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया है, जिसमें दोनों एक्ट्रेस एक ही गाने पर अपने डांस स्टेप्स से तालमेल बिठाती नजर आ रही हैं. शरवरी ने इस पल को सपने के पूरे होने जैसा अनुभव बताया.

इंस्टाग्राम अकाउंट पर पोस्ट किए गए वीडियो में शरवरी वाघ अपनी आने वाली फिल्म ‘ये प्रेम मोल लिया’ के टाइटल सॉन्ग पर डांस करती नजर आ रही हैं. वह पीच कलर के अनारकली सूट में नजर आ रही हैं. कुछ देर बाद वीडियो में माधुरी दीक्षित भी दिखाई देती हैं. पिंक कलर की साड़ी और उससे मैचिंग चूड़ियां पहने माधुरी बेहद खूबसूरत लग रही हैं. वह शरवरी के डांस स्टेप्स से तालमेल बिठाते हुए उनके साथ थिरकने लगती हैं.

शरवरी ने वीडियो पोस्ट करते हुए कैप्शन में लिखा, ”सूरज बड़जात्या की राजश्री फिल्मों की दिग्गज अभिनेत्रियों में से एक, माधुरी दीक्षित से इतना प्यार पाकर मैं खुद को खुशकिस्मत महसूस कर रही हूं. माधुरी मेरी आइडल हैं. उनके साथ डांस करना किसी सपने के सच होने जैसा है. धन्यवाद, माधुरी मैम. आप सबसे बेहतरीन हैं.”

फिल्म ‘ये प्रेम मोल लिया’ की बात करें, तो यह एक रोमांटिक पारिवारिक ड्रामा है, जिसका निर्देशन सूरज आर. बड़जात्या ने किया है. फिल्म में शरवरी के साथ आयुष्मान खुराना मुख्य भूमिका में नजर आएंगे. इसके अलावा अनुपम खेर, सीमा पाहवा, सुप्रिया पाठक, सौम्या टंडन, स्वानंद किरकिरे और शाद रंधावा जैसे कलाकार भी फिल्म का हिस्सा हैं. फिल्म का निर्माण राजश्री प्रोडक्शंस और महावीर जैन फिल्म्स ने मिलकर किया है.

फिल्म के अब तक ‘जय अंबे बोल’ और ‘झुमका पटोला’ जैसे गाने भी सामने आ चुके हैं. फिल्म 27 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है.

–

पीके/एएस