मध्य पूर्व में तनाव कम होने की उम्मीद से कच्चे तेल में भारी गिरावट, ब्रेंट क्रूड 90 डॉलर प्रति बैरल के नीचे लुढ़का

नई दिल्ली, 10 नवंबर . मध्य पूर्व में तनाव कम होने की उम्मीदों के चलते मंगलवार को कच्चे तेल में भारी गिरावट देखने को मिली है और इससे बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड 90 डॉलर प्रति बैरल के नीचे फिसल गया है.

दोपहर 3:50 बजे (भारतीय समयानुसार) तक, ब्रेंट क्रूड 2.80 प्रतिशत की गिरावट के साथ 89.88 डॉलर प्रति बैरल पर था, जबकि, यूएस डब्ल्यूटीआई क्रूड 2.31 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 84.85 डॉलर प्रति औंस पर था.

कच्चे तेल में गिरावट अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के उस बयान के बाद आई है, जिसमें उन्होंने संकेत दिया कि वाशिंगटन फिलहाल ईरान के खिलाफ कोई नया सैन्य हमला नहीं करेगा. इससे मध्य पूर्व से ऊर्जा आपूर्ति में लंबे समय तक बाधा आने की चिंताएं कम हो गईं.

बाजार विशेषज्ञों का कहना है कि मध्य पूर्व में राजनयिक प्रगति के संकेतों के बीच कच्चे तेल की कीमतों पर दबाव आया है. हालांकि, जारी भू-राजनीतिक तनाव और शिपिंग मार्गों की सुरक्षा को लेकर अनिश्चितता के कारण कीमतों में गिरावट सीमित रह सकती है.

उनके अनुसार, “निवेशक वैश्विक मांग और आपूर्ति के परिदृश्य के बारे में नए संकेत पाने के लिए यूएस एनर्जी इंफॉर्मेशन एडमिनिस्ट्रेशन (ईआईए), ऑर्गनाइजेशन ऑफ द पेट्रोलियम एक्सपोर्टिंग कंट्रीज (ओपीईसी) और इंटरनेशनल एनर्जी एजेंसी (आईईए) की ओर से आने वाली मासिक तेल आपूर्ति और मांग रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं.”

इसके अलावा, रूस और यूक्रेन के अधिकारी मंगलवार को अमेरिका की मध्यस्थता में दो दिनों की बातचीत के लिए मिलने वाले हैं. फरवरी के बाद से यह उनकी पहली ऐसी मुलाकात होगी.

खबरों के अनुसार, ट्रंप ने कहा है कि कतर सहित क्षेत्र के कई देशों की अपील के बाद, उन्होंने ईरान के खिलाफ आगे और सैन्य हमले न करने का फैसला किया है. उन्होंने यह बात व्हाइट हाउस में कतर के प्रधानमंत्री से मुलाकात के बाद कही.

हालांकि, अमेरिकी राष्ट्रपति ने संकेत दिया कि होर्मुज स्ट्रेट में नौसैनिक नाकेबंदी फिलहाल जारी रहेगी. इससे वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति के एक अहम रास्ते की सुरक्षा को लेकर चिंताएं बनी हुई हैं.

इसके अलावा, रिपोर्ट्स के मुताबिक, अमेरिका और खाड़ी देशों के वरिष्ठ अधिकारियों ने वाशिंगटन और तेहरान के बीच जल्द ही किसी शांति समझौते की संभावना पर संदेह जताया है.

वहीं, ईरान की सुरक्षा परिषद के प्रमुख मोहसेन रेजाई ने बातचीत चलने की खबरों को खारिज कर दिया. उन्होंने कहा कि अमेरिका को काल्पनिक बातचीत के बारे में ‘फर्जी खबरें’ फैलाना बंद कर देना चाहिए.

–

एबीएस