
पटियाला, 28 मई . पंजाब में बुधवार को एक नीले ड्रम में मिली महिला के शव की पुलिस ने पहचान कर ली है. पुलिस के मुताबिक मृतका का नाम नेहा है, जो गोपाल कॉलोनी की रहने वाली थी. पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर उसे परिवार को सौंप दिया है और अब मामले की गंभीरता से जांच जारी है.
डीएसपी जगजीत सिंह रंधावा ने इस पूरे केस पर जानकारी देते हुए बताया कि पहले तो शव की पहचान नहीं हो पाई थी, लेकिन बाद में पुष्टि हुई कि मृतका नेहा ही थी. उन्होंने कहा कि पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और अब आरोपियों की तलाश की जा रही है.
पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि नेहा मंगलवार को घर से निकली थी और अपने साथ अपनी मां का मोबाइल फोन भी लेकर गई थी. परिवार के मुताबिक, वह पहले भी कभी-कभी घर से बाहर जाती रहती थी, इसलिए शुरुआत में किसी को ज्यादा चिंता नहीं हुई. लेकिन जब वह वापस नहीं लौटी, तब परिवार परेशान हुआ और उसकी तलाश शुरू की गई.
जांच में यह भी सामने आया है कि नेहा की पहले शादी हो चुकी थी, लेकिन बाद में उसका तलाक हो गया था. वह पिछले कुछ समय से अपने पति से अलग रह रही थी और दोनों के बीच काफी समय से कोई संपर्क नहीं था. पुलिस का कहना है कि इस एंगल को भी जांच में शामिल किया गया है. हालांकि, अभी तक उसके पति की किसी भी तरह की संलिप्तता सामने नहीं आई है, लेकिन उसे क्लीन चिट भी नहीं दी गई है.
शुरुआती जांच में सामने आया है कि नेहा की हत्या गला घोंटकर की गई थी. उसके गले पर चोट के निशान पाए गए हैं. हत्या के बाद शव को एक नीले ड्रम में डाल दिया गया और फिर उसे डीएमडब्ल्यू पुल के पास फेंकने की कोशिश की गई, ताकि पहचान छिपाई जा सके.
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वे हर एंगल से जांच कर रहे हैं. परिवार वालों ने अभी तक किसी पर शक जाहिर नहीं किया है, लेकिन पुलिस अपने स्तर पर हर संभावित एंगल से जांच आगे बढ़ा रही है. अधिकारियों के अनुसार जल्द से जल्द आरोपियों को पकड़ने की कोशिश की जा रही है.
–
पीआईएम/डीकेपी