चीनी विदेश मंत्री ने म्यांमार के विदेश मंत्री से की वार्ता

बीजिंग, 5 जून . चीनी विदेश मंत्री वांग यी ने शुक्रवार को राजधानी पेइचिंग में म्यांमार के विदेश मंत्री टिन माउंग स्वे के साथ द्विपक्षीय वार्ता की.

इस अवसर पर वांग यी ने कहा कि पिछले 76 वर्षों में दोनों देशों ने पंचशील के सिद्धांतों का पालन करते हुए आपसी सहयोग और समर्थन का उदाहरण प्रस्तुत किया है. वर्ष 2020 में चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग की म्यांमार यात्रा के बाद से द्विपक्षीय संबंध साझा भविष्य वाले समुदाय के निर्माण के नए दौर में प्रवेश कर चुके हैं. चीन, म्यांमार के साथ उच्च स्तरीय आदान-प्रदान बढ़ाने, राजनीतिक विश्वास को मजबूत करने और साझा भविष्य वाले समुदाय के निर्माण में अधिक व्यावहारिक परिणाम हासिल करने के लिए तैयार है.

वांग यी ने कहा कि चीन, हस्तक्षेप न करने के सिद्धांत का पालन करता है और म्यांमार के लोगों द्वारा चुने गए विकास मार्ग का सम्मान करता है.

उन्होंने कहा कि दोनों देश ‘बेल्ट एंड रोड’ के उच्च गुणवत्ता वाले सहयोग को आगे बढ़ाएंगे. साथ ही, भूकंप पुनर्वास, जनकल्याण, व्यापार और निवेश जैसे क्षेत्रों में सहयोग मजबूत किया जाएगा. उन्होंने ऑनलाइन जुआ और दूरसंचार धोखाधड़ी जैसे अंतरराष्ट्रीय अपराधों के खिलाफ संयुक्त कार्रवाई पर भी जोर दिया.

वहीं, टिन माउंग स्वे ने कहा कि म्यांमार और चीन साझा भविष्य वाले मित्रवत पड़ोसी देश हैं. उन्होंने म्यांमार के विकास में चीन द्वारा दिए गए सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया और कहा कि म्यांमार चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग द्वारा प्रस्तुत चार वैश्विक पहलों का पूरा समर्थन करता है, ‘एक चीन’ सिद्धांत का दृढ़ता से पालन करता है और ‘थाईवान स्वतंत्रता’ से जुड़ी किसी भी गतिविधि का विरोध करता है.

टिन माउंग स्वे के अनुसार, म्यांमार की नई सरकार चीन के साथ संबंधों को प्राथमिकता देती है, आर्थिक गलियारे के निर्माण को आगे बढ़ाएगी और चीनी निवेशकों का स्वागत करती है. साथ ही, म्यांमार ऑनलाइन जुआ और धोखाधड़ी के खिलाफ कार्रवाई जारी रखेगा तथा चीनी नागरिकों, संस्थानों और परियोजनाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करेगा.

(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)

एबीएम/