स्पेसएक्स के शेयरों की धमाकेदार शुरुआत, पहले ही दिन 19 प्रतिशत चढ़े; कंपनी का मार्केट कैप रिकॉर्ड 2.2 ट्रिलियन डॉलर पहुंचा

नई दिल्ली, 13 जून . एलन मस्क की कंपनी स्पेसएक्स के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) ने अमेरिकी शेयर बाजार में शानदार शुरुआत की. कंपनी के शेयरों ने शुरुआती निवेशकों को 31 प्रतिशत तक का लाभ दिया और कारोबार के अंत में अपने ऑफरिंग प्राइस 135 डॉलर से 19 प्रतिशत ऊपर बंद हुए.

कारोबार के अंत में शेयर 160.95 डॉलर पर बंद हुए, जिससे स्पेसएक्स का कुल बाजार मूल्य (मार्केट कैप) पहले ही कारोबारी दिन लगभग 2.2 ट्रिलियन डॉलर पहुंच गया. इसके साथ ही रॉकेट निर्माण कंपनी के संस्थापक एलन मस्क दुनिया के पहले ट्रिलियनियर बन गए. और इसी के साथ, शेयर बाजार में सूचीबद्ध होने के पहले ही दिन स्पेसएक्स दुनिया की छठी सबसे मूल्यवान सार्वजनिक कंपनी बन गई.

स्पेसएक्स की बाजार में एंट्री ऐसे समय में हुई है, जब इस साल शेयर बाजार मुख्य रूप से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) क्षेत्र की संभावनाओं को लेकर निवेशकों के उत्साह पर आगे बढ़ रहा है.

इस सार्वजनिक निर्गम के जरिए कंपनी ने लगभग 75 अरब डॉलर जुटाए, जो इतिहास के सबसे बड़े आईपीओ में से एक माना जा रहा है.

कंपनी की लिस्टिंग को संस्थागत और खुदरा निवेशकों से जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली. रिपोर्टों के अनुसार, कुल ऑर्डर 350 अरब डॉलर से अधिक के रहे, लेकिन इसके बावजूद करीब एक-तिहाई निवेशकों को शेयर नहीं मिल सके. केवल खुदरा निवेशकों की मांग ही 100 अरब डॉलर से अधिक रही.

विश्लेषकों के अनुसार, वर्ष 2026 में मस्क की एआई कंपनी एक्सएआई के स्पेसएक्स में विलय और एआई के क्षेत्र में कंपनी के बढ़ते प्रयासों ने इस आईपीओ को एआई-आधारित कारोबारी मॉडल्स के प्रति बाजार के उत्साह की बड़ी परीक्षा के रूप में पेश किया.

हालांकि, कुछ विश्लेषकों ने चेतावनी भी दी है कि कंपनी का ऊंचा मूल्यांकन उसके मौलिक वित्तीय प्रदर्शन से काफी आगे निकल सकता है. स्पेसएक्स ने वर्ष 2026 की पहली तिमाही में 4.28 अरब डॉलर का शुद्ध घाटा दर्ज किया था.

आंकड़ों के अनुसार, अमेरिका में 1 अरब डॉलर या उससे अधिक राशि जुटाने वाले आईपीओ में पहले दिन सबसे बड़ी बढ़त का रिकॉर्ड डिजाइन सॉफ्टवेयर कंपनी फिग्मा के नाम है, जिसके शेयर वर्ष 2025 में लिस्टिंग के दिन 250 प्रतिशत तक चढ़े थे. हालांकि बाद में उस तेजी का बड़ा हिस्सा खत्म हो गया और अब उसके शेयर आईपीओ मूल्य से लगभग 45 प्रतिशत नीचे कारोबार कर रहे हैं.

इस बीच, एलन मस्क के ट्रिलियनियर बनने के बाद अमेरिका के डेमोक्रेटिक नेताओं, जिनमें मैसाचुसेट्स की सीनेटर एलिजाबेथ वॉरेन और कैलिफोर्निया के प्रतिनिधि रो खन्ना शामिल हैं, ने अमेरिका के सबसे अमीर लोगों पर संपत्ति कर लगाने की मांग उठाई है.

डीबीपी