
अमरावती, 24 अगस्त . आंध्र प्रदेश के काकीनाडा की एक अदालत ने सोमवार को राइफल शूटिंग अकादमी के कोच को हत्या और आत्महत्या के लिए उकसाने के एक मामले में 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया.
प्रो शूटिंग अकादमी के संस्थापक और कोच सादिक खान को चार दिन पहले उत्तर प्रदेश के मेरठ से गिरफ्तार किया गया था. सोमवार को उसे आंध्र प्रदेश लाया गया.
पुलिस पूछताछ के बाद उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से अदालत ने उसे दो सप्ताह की न्यायिक हिरासत में भेज दिया. बाद में उसे काकीनाडा उप-जेल में स्थानांतरित कर दिया गया. पुलिस के अनुसार, खान पर जबरन धर्म परिवर्तन और वसूली (उगाही) के भी आरोप हैं.
16 अगस्त को काकीनाडा जिले के पिथापुरम मंडल में पंचायत राज विभाग के सहायक अभियंता के नूका राजू (61), उनकी पत्नी मीना (58), बेटी सौजन्या (38) और 10 वर्षीय नाती कार्तिकेय रेड्डी ने राजमहेंद्रवरम स्थित रोड-कम-रेल पुल से गोदावरी नदी में छलांग लगा दी थी.
इस घटना में 10 वर्षीय बच्चे को मछुआरों ने नदी के एक द्वीप पर बेहोशी की हालत में बचा लिया था, जबकि नूका राजू, उनकी पत्नी और बेटी के शव बरामद किए गए थे.
पुलिस के अनुसार, कार में मिले एक कथित सुसाइड नोट में नूका राजू ने आरोप लगाया था कि सादिक खान उनकी बेटी को उसके पति जगदीश रेड्डी की मृत्यु के बाद परेशान कर रहा था.
नोट में दावा किया गया कि खान ने विवाह प्रस्ताव ठुकराए जाने के बाद राजू और उनके नाती को जान से मारने की धमकी दी थी तथा परिवार के कीमती सामान भी अपने कब्जे में ले लिए थे. नूका राजू ने लिखा था कि उनकी बेटी पर हो रहे अत्याचारों के कारण परिवार ने आत्महत्या का फैसला किया.
नूका राजू के नाती के बयान और सुसाइड नोट के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 108 के तहत आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया था.
बाद में सौजन्या के ससुर रेड्डी ने भी शिकायत दर्ज कराई, जिसमें उन्होंने अपने बेटे जगदीश रेड्डी की मौत में सादिक खान की भूमिका होने का आरोप लगाया.
उन्होंने दावा किया कि 2 जुलाई को उनके बेटे की मौत शरीर में जहरीला पदार्थ इंजेक्ट किए जाने के कारण हुई थी.
रेड्डी ने कहा कि उनके पोते (जो खान की शूटिंग अकादमी में प्रशिक्षण ले रहा था) से बातचीत के बाद कई नई जानकारियां सामने आईं. उन्होंने आरोप लगाया कि जगदीश रेड्डी की मौत के बाद खान उनके घर आने-जाने लगा था और सौजन्या के करीब आने की कोशिश कर रहा था.
उनकी शिकायत पर काकीनाडा के सरपावरम पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया.
काकीनाडा के पुलिस अधीक्षक जी. बिंदु माधव ने बताया कि काकीनाडा और पूर्वी गोदावरी की पुलिस टीमों ने पांच राज्यों में पीछा करने के बाद सादिक खान को गिरफ्तार किया.
उन्होंने बताया कि 10 से अधिक पुलिस टीमें उसकी गतिविधियों पर नजर रख रही थीं. आखिरकार उसे मेरठ में गिरफ्तार किया गया. इसके बाद मजिस्ट्रेट के सामने पेश कर ट्रांजिट वारंट पर आंध्र प्रदेश लाया गया.
एसपी के मुताबिक, गिरफ्तारी से बचने के लिए खान मोबाइल फोन और ऑनलाइन लेनदेन का इस्तेमाल नहीं कर रहा था. तकनीकी साक्ष्यों और मानव खुफिया जानकारी की मदद से मेरठ में एक परिचित के घर से उसका पता लगाया गया.
पुलिस ने नूका राजू और सौजन्या के सुसाइड नोट तथा रेड्डी की शिकायत के आधार पर अलग-अलग एफआईआर दर्ज की हैं. एसपी ने बताया कि सौजन्या कुछ समय तक सादिक खान के साथ रिश्ते में थी.
काकीनाडा में उसके खिलाफ हत्या, जबरन धर्म परिवर्तन और उगाही का मामला दर्ज किया गया है, जबकि राजमहेंद्रवरम में आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज है.
–
एएमटी/डीकेपी