
मुंबई, 9 नवंबर . मुंबई के वडाला इलाके में स्थित लोढ़ा जंक्शन पर रविवार रात एक बड़ा सड़क हादसा हो गया. यहां एक अनियंत्रित बेस्ट (बृहन्मुंबई इलेक्ट्रिक सप्लाई एंड ट्रांसपोर्ट) बस ने दो कारों को टक्कर मार दी. इस हादसे में कुल 6 लोग घायल हो गए. सभी घायलों को इलाज के लिए सायन अस्पताल ले जाया गया. हादसे के बाद इलाके में कुछ देर के लिए ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई, जिसे बाद में पुलिस ने वाहनों को हटाकर सुचारू कर दिया.
मुंबई पुलिस के मुताबिक, हादसा रात करीब 8.30 बजे हुआ. लोढ़ा जंक्शन पर ट्रैफिक सिग्नल पर एक बेस्ट बस खड़ी थी. इस बस के पीछे सिग्नल पर एक अर्टिगा और एक क्रेटा कार भी खड़ी थीं. इसी दौरान क्रेटा कार के पीछे से आ रही एक और बेस्ट बस अचानक अनियंत्रित हो गई.
अनियंत्रित बस ने पहले एक कार को टक्कर मारी और फिर दूसरे कार को भी अपनी चपेट में ले लिया. टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों कारें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग मदद के लिए दौड़ पड़े.
इस दुर्घटना में दूसरी कार के ड्राइवर के पैर में गंभीर चोटें आईं, जबकि कार में सवार तीन अन्य लोगों को मामूली चोटें लगीं. इसके अलावा, पहली कार में सवार एक पुरुष और एक महिला को भी मामूली चोटें आईं. इस तरह कुल 6 लोग इस हादसे में घायल हुए हैं.
घटना की सूचना मिलते ही मुंबई पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे. पुलिस ने तुरंत सभी घायलों को इलाज के लिए सायन अस्पताल पहुंचाया. अस्पताल में घायलों का इलाज चल रहा है. अर्टिगा चालक की हालत गंभीर बताई जा रही है, जबकि अन्य घायल खतरे से बाहर हैं.
ट्रैफिक को सुचारू करने के लिए दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क के किनारे हटा दिया गया है. पुलिस ने बताया कि हादसे में शामिल बस को कब्जे में ले लिया गया है और बस चालक से पूछताछ की जा रही है.
मुंबई पुलिस ने बताया कि घटना के बारे में और जानकारी जुटाई जा रही है और उसी के अनुसार आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि बस अनियंत्रित कैसे हुई. क्या बस में कोई तकनीकी खराबी थी या चालक की लापरवाही से हादसा हुआ, इसकी जांच की जा रही है.
–
एससीएच/वीसी