
वाशिंगटन, 10 नवंबर . अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि पद छोड़ने से पहले वह बड़ी संख्या में लोगों को राष्ट्रपति क्षमादान देने की योजना बना रहे हैं. उनका कहना है कि उनकी सरकार में काम करने वाले लोगों को वर्षों तक जांच और कानूनी मामलों में खुद का बचाव करने के लिए मजबूर न होना पड़े.
सीबीएस न्यूज के कार्यक्रम ’60 मिनट्स’ में पत्रकार रॉस डौथैट को दिए इंटरव्यू में ट्रंप ने कहा कि उन्हें नहीं लगता कि उन्हें खुद को माफी देने की जरूरत पड़ेगी, हालांकि उनका दावा था कि उनके पास ऐसा करने का अधिकार है. जब उनसे पूछा गया कि क्या वह कार्यकाल खत्म होने पर बड़ी संख्या में माफिया देंगे, तो उन्होंने जवाब दिया, “हां, बिल्कुल.”
ट्रंप ने कहा कि उनका इरादा उन लोगों की रक्षा करना है, जिन्होंने उनके साथ काम किया है. उनके अनुसार, देश की सेवा करने वाले लोगों को अपना बाकी जीवन राजनीतिक विरोधियों से जुड़े मामलों में खुद को बचाने में नहीं बिताना चाहिए. उन्होंने कहा, “मैं बड़ी संख्या में माफी देने का इरादा रखता हूं.”
इंटरव्यू के दौरान रॉस डौथैट ने मजाक में पूछा कि क्या उन्हें भी माफी मिल सकती है, क्योंकि वे ओवल ऑफिस के पास बैठे हैं. ट्रंप ने जवाब दिया और फिर उन मुद्दों पर लौट आए जिन्हें वह अपने साथ हुए अन्याय के रूप में देखते हैं.
ट्रंप ने 6 जनवरी 2021 को अमेरिकी संसद पर हुए हमले में शामिल लोगों को दी गई माफी का भी बचाव किया. उनका कहना था कि उन लोगों के साथ बेहद अनुचित व्यवहार किया गया था. जब डौथैट ने खास तौर पर उन लोगों का जिक्र किया जिन्होंने पुलिस अधिकारियों पर हमला किया था, तो ट्रंप ने माना कि कुछ लोग हिंसक हुए थे. हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि उनके खिलाफ भी बल का इस्तेमाल किया गया था.
जब उनसे पूछा गया कि हमला झेल रही पुलिस को बल प्रयोग करने का अधिकार था या नहीं, तो ट्रंप ने पुलिस संगठनों से मिलने वाले अपने समर्थन का जिक्र किया. उन्होंने दावा किया कि पुलिस अधिकारियों का उन्हें व्यापक समर्थन प्राप्त है और कैपिटल पुलिस भी उन्हें पसंद करती है.
बाद में बातचीत राजनीतिक विरोधियों को लेकर उनके विचारों पर पहुंची. डौथैट ने पूछा कि क्या वे उन लोगों को माफ कर सकते हैं जिनके प्रति उन्होंने पहले नफरत जाहिर की है. इस दौरान पूर्व एफबीआई निदेशक जेम्स कोमी और पूर्व प्रतिनिधि सभा अध्यक्ष नैंसी पेलोसी का नाम भी चर्चा में आया.
ट्रंप ने कहा कि वह इन विरोधियों को बेईमान मानते हैं और उनका मानना है कि उन्होंने देश को नुकसान पहुंचाया है. जब उनसे सीधे पूछा गया कि क्या वह उन्हें माफ कर सकते हैं, तो उन्होंने जवाब दिया, “नहीं. सच कहूं तो नहीं.”
डौथैट ने फिर सवाल किया कि जीवन में इतनी सफलता और उपलब्धियां हासिल करने के बाद भी क्या वे माफ नहीं कर सकते. इस पर ट्रंप ने कहा, “शायद मैं ऐसा नहीं कर सकता, क्योंकि मैं अपने कुछ दुश्मनों से नफरत करता हूं और शायद हमेशा करता रहूंगा.”
–
एवाई/वीसी