
भोपाल, 28 जुलाई . मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल को निशातपुरा रेलवे स्टेशन के शुभारंभ के साथ चौथे रेलवे स्टेशन की सौगात मिली है.
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने निशातपुरा रेलवे स्टेशन का शुभारंभ करते हुए कहा कि आगामी सिंहस्थ 2028 के दृष्टिगत रेलवे सुविधाओं के विस्तार का कार्य निरंतर चल रहा है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश बदल रहा है. हर विभाग में नए कीर्तिमान गढ़े जा रहे हैं. भोपाल को निशातपुरा के रूप में चौथे रेलवे स्टेशन की सौगात मिली है. गत 12 साल में रेलवे का “न भूतो न भविष्यति” विकास हुआ है. भारतीय रेलवे में द्रुत गति से विकास कार्य हो रहे हैं.
यह निशातपुरा स्टेशन के शुभारंभ से अब नई दिल्ली से उज्जैन-इंदौर की ओर जाने वाली रेलगाड़ियों को ट्रैक और इंजन बदलने की जरूरत नहीं होगी. उन्होंने आगे कहा कि निशातपुरा रेलवे स्टेशन पर 2 ट्रेनों के स्टापेज से यात्रियों को नई सौगात मिली है. निशातपुरा रुकने वाली ट्रेनें शिव और शक्ति की प्रतीक हैं. भोपाल के नव विकसित निशातपुरा रेलवे स्टेशन पर 2 रेल गाड़ियों डॉ. अंबेडकर नगर-श्रीमाता वैष्णोदेवी कटरा मालवा एक्सप्रेस और वेरावल-जबलपुर एक्सप्रेस ट्रेन के नए स्टॉपेज बनाए गए है .
सीएम मोहन यादव ने कहा कि भारतीय रेलवे के माध्यम से उज्जैन सिंहस्थ 2028 को लेकर लगातार सौगातें मिल रही हैं. सिंहस्थ 2028 के आयोजन में अनुमानित 40 करोड़ श्रद्धालु मध्यप्रदेश आएंगे. ऐसे में नए रेलवे स्टेशन यात्रियों की भीड़ का दबाव कम करने में अहम भूमिका निभाएंगे. निशातपुरा क्षेत्र में 14 करोड़ की लागत से विकसित निशातपुरा स्टेशन नागरिकों के लिए संभावनाओं के नए द्वार खोलेगा. यहां अनेक नई सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं. नई दिल्ली से उज्जैन-इंदौर आने-जाने के लिए समय बचेगा. भोपाल मुख्य स्टेशन जाए बिना डायरेक्ट ट्रेन मिलेगी.
मुख्यमंत्री यादव ने कहा कि मध्य प्रदेश में रेलवे ट्रैक का शत-प्रतिशत विद्युतीकरण कार्य पूर्ण हो चुका है. भारतीय रेलवे ने वंदे भारत एक्सप्रेस, अमृत भारत एक्सप्रेस जैसी आधुनिक रेलगाड़ियों की शुरुआत की है. अब भोपाल के पास ट्रेनों के आधुनिक कोच तैयार किए जाएंगे. देश के साथ ही मध्य प्रदेश बदल रहा है.
–
एसएनपी/डीकेपी