भाजपा लोकतंत्र की दुश्मन, नफरत और भ्रष्टाचार को सफलता का पैमाना बना लिया है: अखिलेश यादव

लखनऊ, 9 सितंबर . समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बुधवार को भाजपा पर निशाना साधते हुए उसे लोकतंत्र का दुश्मन करार दिया. उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने पर आमादा है और उसने नफरत, भ्रष्टाचार तथा कमीशनखोरी को अपनी राजनीति का आधार बना लिया है. उन्होंने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता भाजपा के कुशासन का जवाब देगी और समाजवादी पार्टी की सरकार बनाएगी.

सपा मुखिया अखिलेश यादव बुधवार को लखनऊ स्थित समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में विभिन्न जिलों से आए पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे. उन्होंने कहा कि भाजपा एक राजनीतिक गैंग और बेईमान लोगों का गिरोह है. भाजपा नफरत फैलाने को अपनी सफलता मानती है. उन्होंने कार्यकर्ताओं से भाजपा से सावधान रहने और जनता के बीच लगातार सक्रिय रहने का आह्वान किया.

उन्होंने जयप्रकाश नारायण इंटरनेशनल सेंटर को लेकर कहा कि भाजपा ने लोकनायक जयप्रकाश नारायण को धोखा दिया है. समाजवादी सरकार में बनाई गई सिग्नेचर बिल्डिंग और जेपीएनआईसी को बेचने का प्रयास किया गया. सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि जयप्रकाश नारायण के नाम पर बनी इस इमारत को आखिर क्यों बेचा गया. सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी चरम पर है. समाजवादी सरकार के कार्यकाल में तैयार की गई कई सरकारी संपत्तियों और परियोजनाओं को बेचने का काम किया गया.

उन्होंने प्लासियो मॉल, किसान बाजार और कन्नौज के काऊ मिल्क प्लांट का उल्लेख करते हुए कहा कि समाजवादी सरकार में प्रदेश में हुए विकास कार्यों को सरकार बर्बाद करना चाहती है. अखिलेश ने कहा कि सरकार ने उत्तर प्रदेश में कोई ऐसा काम नहीं किया, जिसे उपलब्धि के तौर पर गिनाया जा सके. उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के दस साल के शासन में भ्रष्टाचार और बजट की लूट के अलावा कुछ नहीं हुआ. हाईवे और एक्सप्रेस-वे निर्माण में भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए उन्होंने जल जीवन मिशन की पानी की टंकियों के टूटने को भी सरकार की कार्यप्रणाली से जोड़ा.

उन्होंने कहा कि प्रदेश के हर विभाग में भ्रष्टाचार और लूट का बोलबाला है. चिकित्सा एवं स्वास्थ्य व्यवस्था चौपट है और गरीबों को समुचित इलाज नहीं मिल रहा है. अस्पतालों में मौसमी और संक्रामक बीमारियों के मरीजों को भी पर्याप्त उपचार नहीं मिल पा रहा है. सपा अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार खुद कोई काम नहीं करती, बल्कि विरोधी दलों, खासकर समाजवादी पार्टी को बदनाम करने के लिए अनर्गल आरोप लगाती है और जनता को गुमराह करती है. उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनता के बीच रहने तथा अपने व्यवहार और भाषा में शिष्टाचार बनाए रखने की अपील की.

उन्होंने कहा कि जनता समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने के लिए तैयार है. 2027 में चुनाव जीतना है और प्रदेश की जनता को भाजपा के कुशासन से छुटकारा दिलाना है. उन्होंने दावा किया कि समाजवादी पार्टी और पीडीए की बढ़ती ताकत से भाजपा घबराई हुई है.

अखिलेश ने भाजपा को किसान, नौजवान और मजदूर विरोधी बताते हुए कहा कि सरकार ने हर वर्ग को ठगा है. महंगाई बढ़ाकर जनता की जेब पर बोझ डाला गया है. उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर किसानों के हित में ठोस फैसले किए जाएंगे. गन्ना किसानों को 24 घंटे में भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा तथा किसानों को समय पर खाद, बीज और पानी उपलब्ध कराया जाएगा. किसानों को सभी जरूरी सुविधाएं देने के लिए प्रभावी व्यवस्था की जाएगी.

विकेटी/डीकेपी