रांची में पानी की पुरानी टंकी ढही, एक मजदूर का शव बरामद, मलबे में कई अन्य के दबने की आशंका

रांची, 9 सितंबर . झारखंड की राजधानी रांची में बुधवार शाम पुरानी पानी की टंकी ढहने से मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका है. हादसे के बाद एक मजदूर का शव बरामद कर लिया गया है, जबकि मलबे में दबे अन्य लोगों की तलाश के लिए राहत और बचाव अभियान जारी है. टंकी के आसपास निर्माण कार्य चल रहा था.

घटना शहर के कोतवाली थाना के ठीक पीछे रेडियम रोड इलाके के पास हुई. जर्जर हालत में खड़ी पानी की टंकी अचानक भरभराकर गिर गई. उस समय आसपास निर्माण कार्य में मजदूर लगे हुए थे. टंकी गिरने से निर्माण स्थल पर काम कर रहे मजदूर मलबे में दब गए. घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना की पुलिस मौके पर पहुंची.

पुलिस और राहत दल ने तत्काल बचाव अभियान शुरू किया. मलबे को हटाने के लिए जेसीबी मशीन लगाई गई है. बचावकर्मी मलबे में दबे दूसरे मजदूर तक पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं. पुलिस ने घटनास्थल को घेरकर लोगों की आवाजाही नियंत्रित की है, ताकि राहत कार्य में बाधा न आए.

हादसे के बाद इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई. मौके पर मौजूद अधिकारियों की निगरानी में मलबा हटाने का काम जारी है. रांची के विधायक सीपी सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचे और राहत कार्य का जायजा लिया. उन्होंने अधिकारियों से घटना की जानकारी ली. बताया जा रहा है कि पानी की टंकी काफी पुरानी और जर्जर अवस्था में थी. हालांकि, उसके गिरने की वास्तविक वजह और निर्माण कार्य से इसका कोई प्रत्यक्ष संबंध था या नहीं, यह जांच के बाद ही स्पष्ट होगा.

घटना ने राजधानी में पुरानी और जर्जर संरचनाओं की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं. इससे पहले कुछ दिन पूर्व लालपुर थाना क्षेत्र में एक निर्माणाधीन भवन का हिस्सा गिरने से एक मिस्त्री की मौत हो गई थी. फिलहाल, पुलिस घटनास्थल पर मौजूद है. राहत अभियान पूरा होने के बाद हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जाएगी.

एसएनसी/डीकेपी