पश्चिम बंगाल में भाजपा की नहीं बनेगी सरकार : हुसैन दलवाई

मुंबई, 2 मई . कांग्रेस नेता हुसैन दलवाई ने पश्चिम बंगाल चुनाव, धार्मिक आयोजनों, महाराष्ट्र की राजनीति और कानून-व्यवस्था जैसे कई अहम मुद्दों पर अपनी बात रखी. पश्चिम बंगाल चुनाव को लेकर हुसैन दलवाई ने बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि चुनाव में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी की गई.

उन्होंने से कहा, “भाजपा ने बंगाल चुनाव में बड़े स्तर पर धांधली की, लेकिन मुझे लगता है कि इसके बावजूद भाजपा सत्ता में नहीं आएगी.”

धार्मिक आयोजनों को लेकर इलाहाबाद उच्च न्यायालय की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने संतुलित रुख अपनाया. कांग्रेस नेता ने कहा, “अगर रोजाना किसी सार्वजनिक जगह या मैदान में नमाज पढ़ी जाती है, तो यह गलत है. नमाज मस्जिद में ही होनी चाहिए. हालांकि, ईद जैसे मौके पर जब बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा होते हैं, तब किसी मैदान का उपयोग करना गलत नहीं है. ऐसा सिर्फ मुस्लिम ही नहीं, अन्य धर्मों के लोग भी करते हैं. जैसे शिवाजी पार्क में बड़े आयोजन होते हैं, उसमें कोई बुराई नहीं है.”

महाराष्ट्र में मराठी भाषा को लेकर चल रही बहस पर भी उन्होंने अपनी राय रखी. हुसैन दलवाई ने कहा, “महाराष्ट्र में रहने वाले लोगों को मराठी समझनी और बोलनी चाहिए, इसमें कोई बुराई नहीं है. मैं खुद मराठी का समर्थक हूं. लेकिन यह कहना कि एक रिक्शा चालक को मराठी पढ़ना-लिखना आना ही चाहिए, यह पूरी तरह गलत है.”

उन्होंने गरीब तबके का जिक्र करते हुए कहा कि जो लोग रिक्शा चलाते हैं, वे अक्सर ज्यादा पढ़े-लिखे नहीं होते. अगर वे पढ़े-लिखे होते, तो इंजीनियर या डॉक्टर बनते, रिक्शा क्यों चलाते? कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि मराठी का मुद्दा जानबूझकर उठाकर गरीबों को परेशान किया जा रहा है.

कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर उन्होंने महाराष्ट्र सरकार को घेरा. उन्होंने कहा कि राज्य में स्थिति दिन-ब-दिन खराब होती जा रही है. सरकार कानून को अपने हाथ में लेकर लोगों के घरों पर बुलडोजर चला रही है, जो गलत है. महिलाओं और युवाओं पर अत्याचार हो रहे हैं, ऐसे में पुलिस और सरकार की जिम्मेदारी बनती है कि वे कार्रवाई करें.

हुसैन दलवाई ने केंद्र सरकार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि देश में बेरोजगारी और महंगाई बढ़ रही है. “लोग दिनभर मेहनत करते हैं, लेकिन उन्हें बहुत कम पैसे मिलते हैं. गरीब और गरीब होता जा रहा है, जबकि अमीर और अमीर बन रहा है.”

अंत में, उन्होंने हिमंत बिस्वा सरमा पर भी तीखी टिप्पणी की और कहा कि उनकी भाषा और बयानबाजी ठीक नहीं है.

वीकेयू/एएस