
नई दिल्ली, 31 अक्टूबर . भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग (सीसीआई) ने अदाणी एनर्जी सॉल्यूशंस लिमिटेड द्वारा इंटेलिस्मार्ट इन्फ्रास्ट्रक्चर प्राइवेट लिमिटेड की इक्विटी शेयर पूंजी के अधिग्रहण को मंजूरी दे दी है.
नियामक ने शनिवार को जारी बयान में कहा, “प्रस्तावित सौदे के तहत अधिग्रहणकर्ता (अदाणी एनर्जी सॉल्यूशंस लिमिटेड) द्वारा नेशनल इन्वेस्टमेंट एंड इंफ्रास्ट्रक्चर फंड (एनआईआईएफ) और एनर्जी एफिशिएंसी सर्विसेज लिमिटेड (ईईएसएल) से लक्ष्य कंपनी (इंटेलिस्मार्ट इन्फ्रास्ट्रक्चर प्राइवेट लिमिटेड) की 100 प्रतिशत इक्विटी शेयर पूंजी का अधिग्रहण किया जाएगा.”
इंटेलिसमार्ट इन्फ्रास्ट्रक्चर देश में बिजली के लिए एडवांस्ड मीटरिंग इंफ्रास्ट्रक्चर उपलब्ध कराने का काम करती है. कंपनी स्मार्ट गैस मीटर लगाने के कारोबार में भी सक्रिय है.
सीसीआई ने कहा कि उसने प्रस्तावित सौदे को मंजूरी दे दी है. नियामक ने कहा, “आयोग ने अदाणी एनर्जी सॉल्यूशंस लिमिटेड द्वारा इंटेलिस्मार्ट इन्फ्रास्ट्रक्चर प्राइवेट लिमिटेड की 100 प्रतिशत शेयर पूंजी के अधिग्रहण को मंजूरी दे दी है.”
इससे पहले जून में अदाणी एनर्जी सॉल्यूशंस ने घोषणा की थी कि उसने इंटेलिस्मार्ट इन्फ्रास्ट्रक्चर में 100 प्रतिशत इक्विटी हिस्सेदारी के अधिग्रहण के लिए बाध्यकारी सिक्योरिटीज परचेज और सब्सक्रिप्शन एग्रीमेंट किया है.
3,050 करोड़ रुपए के इस सौदे में इंटेलिस्मार्ट की 100 प्रतिशत इक्विटी शेयर पूंजी का अधिग्रहण और एनआईआईएफ के पास मौजूद वैकल्पिक रूप से परिवर्तनीय डिबेंचर का भुगतान शामिल है.
एनआईआईएफ, भारत का संप्रभु समर्थन प्राप्त वैकल्पिक परिसंपत्ति प्रबंधक है, जबकि ईईएसएल बिजली मंत्रालय के तहत आने वाले प्रमुख सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों (पीएसयू) का संयुक्त उद्यम है.
अधिग्रहणकर्ता अदाणी समूह का हिस्सा है और भारत में निगमित एक सार्वजनिक सूचीबद्ध कंपनी है. इसके शेयर बीएसई और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज ऑफ इंडिया में सूचीबद्ध हैं.
अदाणी एनर्जी सॉल्यूशंस मुख्य रूप से भारत में बिजली के ट्रांसमिशन और डिस्ट्रीब्यूशन के साथ-साथ एडवांस्ड मीटरिंग इंफ्रास्ट्रक्चर की तैनाती के कारोबार में सक्रिय है.
आखिरी कारोबारी सत्र में बीएसई पर अदाणी एनर्जी सॉल्यूशंस लिमिटेड का शेयर 1,345.55 रुपए प्रति शेयर पर बंद हुआ.
एक्सचेंज के अनुसार, शेयर का 52 सप्ताह का उच्चतम स्तर 1,789 रुपए और न्यूनतम स्तर 804.70 रुपए है.
–
एबीएस